Site icon hindi.revoi.in

सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत की 6 दिवसीय राजकीय यात्रा पर आएंगे

Social Share

नई दिल्ली, 4 फरवरी। सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी गुरुवार को छह दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी पांच से 10 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। पिछले वर्ष अक्टूबर में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह उनका पहला भारत दौरा होगा।

दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही यात्रा

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। पैट्रिक हर्मिनी नई दिल्‍ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा पारस्परिक हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वह चेन्नई और मुंबई भी जाएंगे, जहां पर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बयान में कहा गया, ‘सेशेल्स हिन्द महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है और भारत के विजन महासागर और ग्लोबल साउथ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के तहत एक महत्त्वपूर्ण साझेदार है।’

भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की अक्टूबर, 2025 में सेशेल्स यात्रा के बाद राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग और मजबूत जन-जन संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version