Site icon hindi.revoi.in

नाइजीरिया में भीषण बाढ़ ने मचाई तबाही, बाजार और घरों में घुसा पानी, अब तक 115 लोगों की मौत

Social Share

अबुजा, 30 मई। नाइजीरिया के नाइजर राज्य में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाजार, घर और सड़कें सभी जलमग्न हो गए हैं और जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। बाढ़ की वजह से अब तक 115 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। समाचार एजेंसी एपी ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।

रिपोर्ट के अनुसार नाइजर राज्य के मोक्वा नामक मार्केट टाउन में गुरुवार को भीषण बाढ़ आई थी। इसने कई घरों को बर्बाद कर दिया है। नाइजर राज्य की राजधानी मिन्ना में स्थित इमरजेंसी ऑफिस के चीफ हुसैनी इसाह ने बताया कि अब भी कई लोग खतरे में हैं और बचाव कार्य शुक्रवार को भी जारी है।

इससे पहले मिली शुरुआती जानकारी में मरने वालों की संख्या 20 बताई गई थी, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। हुसैनी इसाह ने कहा कि अब तक 115 शव बरामद किए जा चुके हैं और संख्या बढ़ सकती है।

बताया जा रहा है कि घंटों तक लगातार तेज बारिश के बाद आई बाढ़ ने मोक्वा को पूरी तरह से डुबो दिया। आसपास के एक कस्बे में बांध टूटने से स्थिति और भी गंभीर हो गई। यह कस्बा दक्षिण और उत्तर नाइजीरिया के व्यापारियों और किसानों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र माना जाता है।

पिछले वर्ष सितम्बर में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब नाइजीरिया के पूर्वोत्तर हिस्से माडुगुरी में भारी बारिश और एक बांध टूटने से 30 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे. उस घटना ने पहले से चल रहे ‘Boko Haram’ संकट को और भी बढ़ा दिया था।

उल्लेखनीय है कि नाइजीरिया में अक्सर बारिश के मौसम में बाढ़ आती है, खासकर नाइजर और बेन्यू नदियों के किनारे बसे इलाकों में इसका असर ज्यादा होता है। सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को अब भी मदद की सख्त जरूरत है।

Exit mobile version