Site icon hindi.revoi.in

थाईलैंड ओपन : सात्विक-चिराग नहीं जीत सके तीसरा खिताब, चार मैच प्वॉइंट बचाने के बाद इंडोनेशियाई जोड़ी से हारे

Social Share

बैंकॉक, 17 मई। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की सर्वोच्च वरीय भारतीय जोड़ी रविवार को यहां थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने तीसरे खिताब से वंचित रह गई, जब रोमांचक फाइनल में उसे गैर नामांकित इंडोनेशियाई लियो रॉली कार्नांडो व डेनियल मार्टिन के खिलाफ चार मैच प्वॉइंट बचाने के बावजूद उपजेता से संतोष करना पड़ा।

लियो रॉली कार्नांडो व डेनियल मार्टिन ने सीधे गेमों में जीती उपाधि

BWF विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक-चिराग निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के दूसरे मैच के पहले गेम में अप्रत्याशित रूप से इंडोनेशियाई जोड़ी का जवाब नहीं दे सके। हालांकि दूसरे गेम में जबर्दस्त संघर्ष देखने को मिला, लेकिन लियो व डेनियल ने चार मैच अंक गंवाने के बाद 53 मिनट का रोमांचक मुकाबला 21-12, 25-23 से अपने नाम कर लिया और चैम्पियन बन बैठे।

वर्ष का पहला खिताब जीतने का इंतजार बढ़ा

वर्ष 2019 व 2024 में यहा खिताब जीत चुके चिराग व सात्विक का इसके साथ ही वर्ष का पहला खिताब जीतने का इंतजार बढ़ गया। यह भारतीय जोड़ी पिछले वर्ष चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में भी उपविजेता रही थी। वहीं सात्विक व चिराग के खिलाफ इंडोनेशियाई जोड़ी की यह पहली जीत थी।। इससे पहले के चार मुकाबले भारतीय जोड़ी ने जीते थे।

पहला गेम एकतरफा साबित हुआ

मुकाबले पर नजर डालें तो चिराग को शुरुआत में अपनी सर्विस में संघर्ष करना पड़ा, जिससे भारतीय टीम 1-4 से पिछड़ गई और फिर स्कोर 7-9 हो गया। इसके बाद लियो और डेनियल ने चार अंकों की बढ़त बना ली। भारतीय टीम की गलतियों का फायदा उठाकर इंडोनेशियाई जोड़ी 17-12 से आगे हो गई। इसके बाद उसे आठ गेम प्वॉइंट मिले और सात्विक ने एक रिटर्न को नेट में उलझा दिया, जिससे लियो व डेनियल ने पहला गेम अपने नाम कर दिया।

फिलहाल दूसरे गेम में जबर्दस्त संघर्ष देखने को मिला। डेनियल के आक्रामक स्मैश से इंडोनेशियाई टीम 5-3 से आगे हो गई। एक शानदार सर्व की बदौलत भारतीय टीम 5-5 की बराबरी पर वापसी करने में कामयाब रही और इसके बाद उसने 7-5 से मैच में पहली बार बढ़त बना ली।

दूसरे गेम में अंत तक एक-एक अंक के लिए संघर्ष

इंडोनेशियाई टीम ने स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया, लेकिन चिराग के एक शानदार शॉट और विरोधी खिलाड़ियों के एक गलत रिटर्न ने भारतीय जोड़ी को इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त दिला दी। खेल दोबारा शुरू होने पर इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने स्कोर को फिर से 11-11 कर दिया। इसके बाद स्कोर 14-14 से 19-19 पर बराबरी पर था।

इंडोनेशिया की टीम ने इसके बाद अपना पहला चैम्पियनशिप प्वॉइंट हासिल किया। सात्विक और चिराग ने इसे बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद तीन और चैम्पियनशिप प्वॉइंट बचाए, लेकिन लियो व डेनियल पांचवें चैम्पियनशिप प्वॉइंट पर खिताब जीतने में सफल रहे।

एंटोनसेन व यामागुची ने जीते एकल खिताब

उधर एकल मुकाबलों में विश्व नंबर तीन डेनिस स्टार आंद्रेस एंटोनसेन व टॉप सीड जापानी अकाने यामागुची ने क्रमशः पुरुष व महिला उपाधि अपने नाम की। तीसरी सीड एंटोनसेन ने एक घंटा 37 मिनट तक खिंचे पुरुष एकल फाइनल में दूसरे वरीय दूसरी थाईलैंड के कुंलावुत वितिदसर्न को 9-21, 24-22, 21-18 से शिकस्त दी। वितिदसर्न ने क्वार्टर फाइनल में भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन की चुनौती तोड़ी थी।

पुरुषों के विपरीत महिला एकल फाइनल में ज्यादा संघर्ष देखने को नहीं मिला और विश्व नंबर तीन यामागुची ने दूसरी वरीय चीनी स्टार चेन यू फेई को 39 मिनट में 21-14 21-18 से परास्त किया। यामागुची ने क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व नंबर एक भारतीय दिग्गज पीवी सिंधु को बाहर किया था।

Exit mobile version