Site icon hindi.revoi.in

सिंगापुर ओपन : सात्विक-चिराग का बड़ा उलटफेर, विश्व नंबर एक कोरियाई जोड़ी को स्तब्ध कर फाइनल में पहुंचे

Social Share

सिंगापुर, 30 मई। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम भारतीय जोड़ी ने शनिवार को जबर्दस्त उलटफेर किया और BWF विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज व मौजूदा विश्व चैम्पियन कोरियाई टीम को चौंकाते हुए 10 लाख डॉलर ईनामी सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली।

किम वोन हो व सियो सेउंग जे को सीधे गेमों में दी शिकस्त

विश्व नंबर चार सात्विक व चिराग ने सिंगापुर इनडोर स्टेडियम को कोर्ट नंबर एक पर खेले गए सेमीफाइनल में 52 मिनट खर्च किए और सर्वोच्च वरीय किम वोन हो व सियो सेउंग जे को सीधे गेमों में 21-19, 21-18 से मात दी।

किम-सियो का 34 मैचों से चला रहा ऐतिहासिक अजेय क्रम ध्वस्त

सात्विक-चिराग की जीत का सर्वाधिक उल्लेखनीय तथ्य यह है कि उन्होंने किम वोन-सियो सेउंग का लगातार 34 मैचों से चला आ रहा ऐतिहासिक अजेय क्रम ध्वस्त किया। यह 21वीं सदी में पुरुष युगल की सबसे लंबी जीत की लकीर थी।

दोनों गेमों में भारतीय टीम ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की

मुकाबले की बात करें तो भले ही यह सीधे गेमों में निर्णीत हुआ, लेकिन संघर्ष खूब देखने को मिला। पहले गेम के ब्रेक तक कोरियाई खिलाड़ी 13-11 से मामूली बढ़त बनाए हुए थे। लेकिन सात्विक व चिराग ने हार नहीं मानी और अहम अंक हासिल करते हुए शानदार वापसी के साथ पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी सात्विक व चिराग के लिए राह आसान नहीं थी, जिसमें वे 11-14 से पीछे चल रहे थे। लेकिन भारतीय जोड़ी ने संयम बनाए रखा और पिछड़ने के बावजूद वापसी करते हुए कोरियाई जोड़ी पर उलटफेर युक्त जीत हासिल कर ली।

अब तीसरी सीड इंडोनेशियाई टीम से खिताबी मुलाकात

कोरियाई जोड़ी से तीन मुलाकातों में पहली जीत हासिल करने वाले चिराग व सात्विक की अब रविवार को फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया जोड़ी फजर अल्फियान व मुहम्मद शोहिबुल फिक्री से मुलाकात होगी।

 

ध्रुव व तनीषा का संघर्षपूर्ण सफर सेमीफाइनल में थमा

फिलहाल मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो का संघर्षपूर्ण सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया। उन्हें युइची शिमोगामी व सायाका होबारा की जापानी जोड़ी के हाथों 61 मिनट तक खिंचे तीन गेमों के संघर्ष में 16-21, 21-17, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।

Exit mobile version