Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : संजू सैमसन के नाम सत्र का पहला शतक, DC पर जीत के साथ CSK का खाता भी खुला

Social Share

चेन्नई, 11 अप्रैल। ICC टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे संजू सैमसन का बल्ला टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-19) में पहली बार बोला और बोला ही नहीं बल्कि गरजा। इसका परिणाम यह हुआ कि तिरुवनंतपुम के 31 वर्षीय धाकड़ बल्लेबाज ने सत्र के पहले शतक (नाबाद 115 रन, 56 गेंद, चार छक्के, 15 चौके) पर अपना नाम लिखाया और शुरुआती तीनों मैचों में पराजय से बेजार पांच बार की पूर्व चैम्पियन उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 23 रनों की जीत से खाता खोलने में सफल हो गई।

संजू व आयुष म्हात्रे के बीच 67 गेंदों पर 113 रनों की बहुमूल्य साझेदारी

यहां एमए चिदाम्बरम स्टेडियम में शनिवार की रात खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य सीएसके ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ संजू के विस्फोटक शतक व 18 वर्षीय मुंबइया किशोर आयुष म्हात्रे (59 रन, 36 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) की धुआंधार अर्धशतकीय पारी एवं इन दोनों के बीच दूसरे विकेट लिए 67 गेंदों पर ही हुई 113 रनों की शतकीय भागीदारी से दो विकेट पर ही 212 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

ओवर्टन एंड कम्पनी के सामने स्टब्स व निसांका ही तनिक दम दिखा सके

जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 189 रनों तक पहुंच सकी। दिल्ली के लिए अर्धशतक जड़ने वाले ट्रिस्टन स्टब्स (60 रन, 38 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) व ओपनर पथुम निसांका (41 रन, 24 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) की विपक्षी गेंदबाजों को कुछ हद तक जवाब दे सके।

दिलचस्प यह रहा कि पहली पारी में जहां सत्र का पहला शतक देखने को मिली वहीं दूसरे सत्र में सत्र का गेंदबाजी प्रदर्शन भी आ गया, जब अंग्रेज गेंदबाजी हरफनमौला जैमी ओवर्टन ने सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट निकाल दिए। उनके अलावा  अंशुल कम्बोज ने 35 रन पर तीन विकेट लिए। इनमें अंतिम दो विकेट तो पारी के अंतिम ओवर में आए।

सीएसके ने खुद पर से फिसड्डी का टैग हटाया, दिल्ली की लगातार दूसरी हार

उल्लेखनीय है कि चोटिल पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अनुपस्थिति में सीएसके को शुरुआती तीन मैचों में क्रमशः राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स व आरसीबी के हाथों पराजय झेलनी पड़ी थी। अब पहली जीत से अर्जित दो अंकों के सहारे उसने खुद पर से फिसड्डी का टैग हटा दिया है। यही नहीं वर पिछले सत्र से चली आ रही लगातार छह हार के बाद अपने घरेलू मैदान पर चेन्नई ने पहली जीत दर्ज की।

स्कोर कार्ड

अब तक चार मैचों में एक भी मैच नहीं जीत हासिल कर सके कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम सिर्फ एक अंक के चलते अंतिम स्थान पर खिसक गई है। उधर दिल्ली कैपिटल्स को लगातार दूसरी हार सहनी पड़ी। शुरुआती दो मैचों में लखनऊ सुपर जाएंट्स व मुंबई इंडियंस को मात देने के बाद दिल्ली को घरेलू मैदान पर पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के हाथों एक रन से पराजय झेलनी पड़ी थी।

सैमसन व कप्तान ऋतुराज ने 62 रनों की भागीदारी से की तेज शुरुआत

मैच पर नजर दौड़ाएं तो सैमसन ने पावरप्ले में ही जबर्दस्त शुरुआत की और पहले छह ओवरों में CSK के कुल 61 रनों में से 45 रन अकेले बनाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (15 रन, 18 गेंद, एक चौका) संग 38 गेंदों पर 62 रनों की भागीदारी करने वाले संजू ने 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया तो चेपॉक स्टेडियम में मौजूद 32,000 से ज्यादा फैंस खुशी से सीटियां बजाने लगे। उन्होंने इस अर्धशतक को 52 गेंदों पर शतक में बदल दिया तो फैंस की सीटियों की गूंज और भी तेज हो गई और वे जोर-जोर से उनका नाम पुकारने लगे।

म्हात्रे ने अर्धशतक के बाद खुद को रिटायर्ड आउट किया

अंततः दूसरे विकेट की जबर्दस्त शतकीय भागीदारी का अंत 18वें ओवर में हुआ, जब आयुष म्हात्रे ने सत्र का दूसरा अर्धशतक पूरा करने के बाद खुद को ‘रिटायर्ड आउट’ कर दिया। हालांकि चौथे क्रम पर उतरे शिवम दुबे (नाबाद 20 रन, 10 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने तेज हाथ दिखाते हुए संजू संग 15 गेंदों पर अटूट 37 रनों की साझेदारी से स्कोर 210 के पार पहुंचा दिया।

निसांका-राहुल की अर्धशतकीय भागीदारी के बाद लड़खड़ा गई दिल्ली की पारी

जवाबी काररवाई में जब दिल्ली कैपिटल्स के ओपनरद्वय पथुम निसांका और केएल राहुल (18 रन, 10 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने पारी के चौथे ओवर में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया, तो एकबारगी लगा कि मेहमान चुनौती स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। लेकिन पांचवें ओवर में खलील अहमद की अंतिम गेंद पर राहुल 61 के योग पर लौटे तो स्थानीय टीम ने लगातार चार ओवरों में 15 रनों के भीतर चार विकेट झटककर दिल्ली के हाथों से जीत छीन ली।

ट्रिस्टन स्टब्स का अर्धशतकीय संघर्ष काम नहीं आ सका

हालांकि डेविड मिलर (17 रन, 14 गेंद, एक छक्का, एक चौका) संग पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों पर 45 रन जोड़ने वाले ट्रिस्टन स्टब्स ने यथासंभव संघर्ष से अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन जीत के लिए जरूरी रनों की बढ़ती रफ्तार को पार करना मेहमानों के लिए नामुमकिन साबित हुआ। ओवर्टन ने जो चार विकेट झटके, उनमें स्टब्स का कीमती विकेट भी शामिल था और सीएसके की इस शानदार जीत में संजू के साथ उनकी भूमिका भी अहम रही।

रविवार के मैच : लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम गुजरात टाइटंस (लखनऊ, अपराह्न 3.30 बजे), मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version