Site icon Revoi.in

संजय झा बने JDU के कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने की घोषणा

Social Share

नई दिल्ली, 29 जून। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संजय कुमार झा को जनता दल यूनाइटेड (JDU) का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को जद (यू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस बाबत सर्वसम्मति से फैसला लिया गया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद संजय झा के नाम की घोषणा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि संजय झा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाए। सीएम नीतीश कुमार ने संजय झा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर जद (यू) के नेताओं ने सहमति दी। इसके बाद नीतीश कुमार ने संजय झा के नाम का एलान कर दिया।

नीतीश कुमार ने संजय झा पर जताया भरोसा

पहले से इस बात की चर्चा थी कि नीतीश कुमार कार्यकारिणी की बैठक में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर जिन दो नामों की चर्चा बिहार की सियासत में हो रही थी, उसमें पहला नाम संजय झा का था जबकि दूसरा नाम मनीष वर्मा का था। लेकिन नीतीश कुमार ने संजय झा पर भरोसा जताते हुए उनके नाम का एलान किया।

झा ने अपने राजनीतिक करिअर की शुरुआत भाजपा से की थी

दरअसल, पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि संजय झा को ही जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान दी जाएगी। संजय झा को नीतीश कुमार का खास माना जाता है। अंततः जद (यू) ने संजय झा को राज्यसभा सांसद बनाए जाने के बाद अब नई जिम्मेदारी सौंपी दी। बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रह चुके झा ने अपने राजनीतिक करिअर की शुरुआत भाजपा से की थी। बाद में वह जद (यू) में शामिल हो गए। वह जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य योजना परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद अब जद (यू) का कामकाज देखेंगे

पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संजय झा का कद और भी बढ़ गया है। अब वह जद (यू) में नंबर दो के पोजीशन पर आ गए हैं। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद अब भी नीतीश कुमार के पास ही है, ऐसे में किसी भी बड़े फैसले पर अंतिम मुहर नीतीश कुमार की ही होगी। लेकिनकार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद संजय झा अब जद (यू) का कामकाज देखेंगे।

नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी में संजय झा की अहम भूमिका थी

उल्लेखनीय है कि संजय झा जद (यू) की वह कड़ी हैं, जिन्होंने नीतीश कुमार को फिर से एनडीए के साथ लाने का काम किया था। ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए जद (यू) महागठबंधन में चली गई थी। लेकिन ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद पिछले साल दिसम्बर महीने में नीतीश ने जद (यू) की कमान अपने हाथों में ली और संजय झा ने एक बार फिर से नीतीश कुमार और जद (यू) की वापसी एनडीए में कराई थी।

कार्यकारिणी में पारित किए गए दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव

राष्ट्रीय कार्यकिारिणी की बैठक के बाद जद (यू) नेता नीरज कुमार ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किये गए। पहला, राजनीतिक और दूसरा संगठनात्मक।