Site icon hindi.revoi.in

बिहार : सम्राट चौधरी लोकभवन जाकर राज्यपाल से मिले, सरकार बनाने का पेश किया दावा

Social Share

पटना, 14 अप्रैल। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुने के बाद सम्राट चौधरी ने मंगलवार की शाम लोकभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

सम्राट चौधरी की अगुआई में नई सरकार बुधवार की पूर्वाह्न 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में शपथ लेगी। बताया जाता है कि राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा सोमवार को शाम ही शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था को लेकर सम्राट से मिलने उनके आवास गए थे। शपथ ग्रहण समारोह में सीमित संख्या में पांच घटक दलों के मंत्री शपथ लेंगे। समारोह में दिल्ली से भाजपा और एनडीए दलों के बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

इसके पूर्व आज दिन में तमाम अटकलों को सही साबित करते हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दोबारा विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्र से पर्यवेक्षेक के तौर पर आए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था।

भाजपा के बाद एनडीए विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट

इसके बाद विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए के विधायकों की संयुक्त बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का अनुमोदन किया गया। वहां भी उन्हें नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही बिहार के राजनीतिक इतिहास में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया।

उधर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपराह्न लगभग सवा तीन बजे राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा। इससे पहले उन्होंने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट की बैठक की।

Exit mobile version