Site icon Revoi.in

साक्षी हत्याकांड के आरोपित की बुआ शम्मो बोलीं – ‘साहिल को चाहे मारो, पीटो या फांसी दो, उसे सजा मिलनी ही चाहिए’

Social Share

बुलंदशहर, 30 मई। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक किशोरी की बेरहमी से हत्या करने के आरोपित की बुआ शम्‍मो का कहना है कि साहिल ने जो कुछ किया है, उसे उसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए, चाहे उसे मारो, पीटो या फिर उसे फांसी दे दो।

गौरतलब है कि साहिल नामक युवक ने 16 वर्षीया साक्षी की चाकू से 20 से अधिक वार कर और पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। निर्मम तरीके से की गई इस हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद लोगों में गहरा रोष है।

शम्मो ने यहां मंगलवार को संवाददाताओं से कहा ‘साहिल ने जो कुछ किया है, उसकी सजा उसे जरूर मिलनी चाहिए। साहिल ने आज उस लड़की के साथ जो किया, वह कल हमारे साथ भी कर सकता है।’

दिल्ली पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय आरोपित साहिल को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया। बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि साहिल बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के अटरेना गांव में अपनी बुआ के यहां आया था, जहां से उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया।

शम्मो ने कहा, ‘जो कुछ उसने (साहिल ने) किया है उसकी सजा उसे मिलनी ही चाहिए। हम तो हाथ जोड़कर कह रहे हैं सजा चाहे कुछ भी हो, चाहे उसे मारो, पीटो या चाहे फांसी दे दो या कुछ भी करो…., उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए।’ उन्‍होंने कहा, ‘हमें उससे कोई मतलब नहीं है। जब उसने साक्षी के साथ ऐसा किया है तो कल हमारे साथ भी, वह कुछ भी कर सकता है। कल को साहिल मेरी बेटी के साथ भी कुछ भी कर सकता है।’

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपित और साक्षी के बीच ‘प्रेम संबंध’ थे, लेकिन शनिवार को उनमें झगड़ा हो गया था। उनके अनुसार, लड़की रविवार शाम को अपनी सहेली की बेटी के जन्मदिन की पार्टी के लिए खरीदारी करने गई थी, तभी घनी आबादी वाले इलाके में आरोपित ने उसे रोक कर उस पर हमला कर दिया। इस घटना का लगभग 90 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिसमें आरोपित एक हाथ से लड़की को दीवार की तरफ धकेल कर बार-बार उस पर चाकू से वार करता नजर आ रहा है।