Site icon Revoi.in

रूस : राष्ट्रपति पुतिन के करीबी एलेक्जेंडर दुगिन की बेटी की हत्या, सामने आ रहा यूक्रेन का नाम

Social Share

मॉस्को, 21 अगस्त। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के बेहद करीबी माने जाने वाले एलेक्जेंडर दुगिन की बेटी दारिया दुगिन की हत्या कर दी गई है। एलेक्जेंडर दुगिन को यूक्रेन युद्ध का मास्टरमाइंड भी कहा जाता है। रूस में बेहद ही प्रभावशाली दुगिन को पुतिन का कट्टर समर्थक माना जाता है।

दुगिन की बेटी की हत्या के पीछे अब यूक्रेन का नाम भी सामने आ रहा है। पूर्वी यूक्रेन में क्रेमलिन समर्थक डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के प्रमुख डेनिस पुशिलिन ने यूक्रेन के आतंकवादियों पर दुगिन की बेटी को बम से उड़ाने का आरोप लगाया है।

पुशिलिन ने कहा कि अलेक्जेंडर दुगिन को खत्म करने की कोशिश कर रहे यूक्रेनी शासन के आतंकवादियों ने उनकी बेटी को उड़ा दिया। वह एक असली रूसी लड़की थी। सरकार में उनकी कोई औपचारिक भूमिका नहीं थी। पुशिलिन ने अपने टेलीग्राम चैनल में लिखा कि दारिया दुगिन अपने पिता के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय यूरेशियन आंदोलन के लिए एक राजनीतिक टिप्पणीकार थीं।

जानकारी के मुताबिक दारिया दुगिन एक कार्यक्रम से वापस जा रहीं थीं, तभी मॉस्को के बाहरी इलाके में एक सड़क पर उनकी कार में अचानक विस्फोट हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनके 60 वर्षीय पिता एलेक्जेंडर दुगिन उनके साथ यात्रा करने वाले थे, लेकिन वे अलग कार में गए थे। उधर, यूक्रेन में राष्ट्रपति प्रशासन के प्रमुख एंड्री ने कहा कि हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि न केवल रूसियों की वर्तमान पीढ़ी, बल्कि उनके बच्चे और पोते-पोतियां भी इस युद्ध का भुगतान करेंगे।’