Site icon hindi.revoi.in

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने दो दिनों के लिए यूक्रेन में एकतरफा ईस्टर युद्धविराम की घोषणा की

Social Share

मॉस्को, 19 अप्रैल। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को यूक्रेन में ईस्टर के अवसर पर एकतरफा युद्ध विराम की घोषणा की और रूसी सेना को शनिवार रात 8.30 बजे (IST) से रविवार के अंत तक शत्रुता समाप्त करने का आदेश दिया।

पुतिन ने इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेन रूस के उदाहरण का अनुसरण करेगा। हालांकि, उन्होंने रूस के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को निर्देश दिया कि वे रूसी सैनिकों को कीव द्वारा युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन को रोकने के लिए तैयार रखें।

रूसी राष्ट्रपति ने क्रेमलिन में एक बैठक में अपने सैन्य प्रमुख वालेरी गेरासिमोव से कहा, ‘मानवीय विचारों के आधार पर … रूसी पक्ष ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करता है। मैं इस अवधि के लिए सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने का आदेश देता हूं।’

पुतिन ने आगे कहा, ‘हम मानते हैं कि यूक्रेन हमारे उदाहरण का अनुसरण करेगा। साथ ही, हमारे सैनिकों को युद्धविराम के संभावित उल्लंघन और दुश्मन द्वारा उकसावे, किसी भी आक्रामक काररवाई को रोकने के लिए तैयार रहना चाहिए।’

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने क्रेमलिन द्वारा युद्ध के लिए प्रयुक्त शब्द ‘विशेष सैन्य अभियान’ के क्षेत्र में सभी समूह कमांडरों को युद्ध विराम के निर्देश दे दिए हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूसी सैनिक युद्ध विराम का पालन करेंगे, बशर्ते यूक्रेन इसका ‘पारस्परिक रूप से सम्मान’ करे।

हालांकि पुतिन की घोषणा के संबंध में यूक्रेन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछले माह पुतिन ने संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद यूक्रेन में ऊर्जा अवसंरचना लक्ष्यों पर हमलों को 30 दिनों के लिए रोकने पर सहमति व्यक्त की थी।

Exit mobile version