Site icon Revoi.in

रूस-यूक्रेन युद्ध : खारकीव और सुमी से भारतीयों संग अन्य विदेशियों को निकालने के लिए रूस तैयार

Social Share

मॉस्को, 4 मार्च। रूस और यूक्रेन के बीच नौ दिनों से जारी जारी युद्ध के दौरान रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बताया है कि 130 रूसी बसें भारतीय छात्रों और अन्य विदेशियों को यूक्रेन के खारकीव और सुमी से रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में निकालने के लिए तैयार हैं। रूसी राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केंद्र के प्रमुख कर्नल जनरल मिखाइल मिज़िंटसेव ने यह घोषणा की है।

गौरतलब है कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के चलते कई विदेशी यूक्रेन में फंसे हुए हैं और लगातार अपने वतन वापस जाने की मांग कर रहे हैं। इसमें कई भारतीय भी शामिल हैं। हालांकि, भारत सरकार यूक्रेन के पड़ोसी मुल्कों से ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय छात्रों और नागरिकों के लिए उड़ानों का इंतजाम कर रही है।

यही नहीं, सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में मदद के लिए चार कैबिनेट मंत्रियों को भी यूक्रेन के पड़ोसी मुल्कों में भेजा है। इनमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया व किरन रिजिजू स्लोवाक गणराज्य में हैं। वहीं हरदीप पुरी हंगरी और जनरल (रिटायर्ड) वी.के. सिंह पोलैंड में हैं।

गौरतलब है कि रूस ने गत 24 फरवरी को यूक्रेन की नाटो से बढ़ती निकटता पर महीनों के तनाव के बाद यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था। फिलहाल, रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के चलते यूरोपीय संघ के अलावा कई देशों ने रूस को अलग-थलग कर दिया है और उसके खिलाफ कठोरतम प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इन देशों ने रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिए हैं।