Site icon Revoi.in

युद्ध के 13वें दिन रूस ने की युद्ध विराम की घोषणा, मानवीय कारिडोर के जरिए लोगों को निकाला जाएगा

Social Share

कीव, 8 मार्च। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 13वां दिन है। बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को तीसरे दौर की वार्ता संपन्न हुई। लेकिन इस वार्ता में कोई खास नतीजा नहीं निकला। हालांकि, ये माना जा रहा है कि जल्द ही दोनों देशों के बीच चौथे दौर की वार्ता होगी। वहीं, कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर वेलेरी जालुजनी के हवाले से बताया कि यूक्रेन के वायु रक्षा बलों ने कीव के ऊपर रूसी विमान को मार गिराया है। यहीं नहीं, यूक्रेन के कीव इंडिपेंडेंट ने जानकारी दी है कि रूसी मेजर जनरल वाइटली गेरासिमोव को खारकीव के करीब मार गिराया गया है।

वहीं रूस-यूक्रेन की स्थिति पर संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है कि रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा पिछले महीने विशेष सैन्य अभियान की घोषणा के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं।

यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र के शव लाने का प्रयास जारी है। इसी बीच कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने बताया कि विदेश मंत्री डा एस जयशंकर ने हमें सूचित किया है कि नवीन के शव को यूक्रेन में एक शवगृह में रखा गया है। गोलाबारी रुकने के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा।

भारत में रूसी दूतावास ने बताया कि, यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए मास्को के समयानुसार सुबह 10:00 बजे से युद्ध विराम की घोषणा की है।

भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा भारत ने यूक्रेन से सभी निर्दोष नागरिकों, भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षित मार्ग की मांग की है। दोनों पक्षों से हमारे आग्रह के बावजूद सूमी में फंसे हमारे छात्रों के लिए सुरक्षित गलियारा नहीं बन पाया।