अयोध्या, 3 जुलाई। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) ने पहली बार प्रतिक्रिया जारी की है। इस क्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, ‘यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है और हम सभी लोग इससे आहत हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर सजा होनी जरूरी है।’
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, ‘राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है। अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावनाओं एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।’
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी किया गया वक्तव्य :
(नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026)श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और… pic.twitter.com/5T72nmx87T
— RSS (@RSSorg) July 3, 2026
उन्होंने कहा, ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर सजा हो यह सुनिश्चित करना जरूरी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिन्दू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे।’
समाप्त होनी चाहिए भ्रम और असमंजस की स्थिति
RSS के सरकार्यवाह होसबाले ने यह भी कहा, ‘वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस नजर से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल करेंगे। हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाए रखेगा।’
सम्पूर्ण हिन्दू समाज से धैर्य और संयम का परिचय देने की अपील
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिन्दू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे।
5 वर्ष के खातों का ऑडिट करेगी SIT
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह एसआईटी राम मंदिर ट्रस्ट के पिछले पांच सालों के खातों का फिर से ऑडिट करेगी। यह भी ध्यान देने योग्य बात शुरुआती जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां देखने को मिली हैं। जांच सूत्रों का कहना है कि पुन: ऑडिट में निर्माण-संबंधी व्यय के साथ-साथ दान के रूप में मिले आभूषण और सोने तथा चांदी की अन्य वस्तुओं को भी शामिल किया जाएगा।

