Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : सूर्यवंशी व जुरेल की पराक्रमी पारियों से RR का अजेय क्रम जारी, चैम्पियन RCB की पहली पराजय

Social Share

गुवाहाटी, 10 अप्रैल। बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार की रात भारतीय क्रिकेट की किशोरवय सनसनी यानी वैभव सूर्यवंशी (78 रन, 26 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) व ध्रुव जुरेल (नाबाद 81 रन, 43 गेंद, तीन छक्के, आठ चौके) के बल्लों से चौकों-छक्कों की ऐसी तूफानी बारिश हुई कि गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) खुद को नहीं बचा सका और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में उसका अपराजेय क्रम टूट गया।

कप्तान पाटीदार के अर्धशतक से 201 तक पहुंचा था आरसीबी

बारिश के कारण देर से प्रारंभ हुए मैच में सिक्के की उछाल गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी पर बाध्य आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार के अर्धशतक (63 रन, 40 गेंद, चार छक्के, चार चौके) और अन्य ब्ललेबाजों के छिटपुट सहयोग से आठ विकेट पर 201 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

12 गेंदों के शेष रहते ही राजस्थान ने पा लिया लक्ष्य

लेकिन 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने खुद से 10 वर्ष बड़े जुरेल संग मिलकर ऐसा विस्फोटक अंदाज दिखाया कि 12 गेंदों के शेष रहते ही मुकाबला अपने अंजाम तक जा पहुंचा और मौजूदा सत्र में अब तक अजेय राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 18 ओवरों में चार विकेट पर 202 रन बनाकर लगातार चौथी जीत हासिल कर ली।

पिछले मैच में बुमराह तो इस बार हेजलवुड थे वैभव के निशाने पर

हालांकि पारी की तेज शुरुआत करने वाले यशस्वी जायसवाल (13 रन, आठ गेंद, दो छक्के) दूसरे ही ओवर में जोश हेजलवुड (2-44) के शिकार बन गए। लेकिन उसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ वैभव ने जुरेल संग मिलकर विपक्षी गेंदबाजों को इस कदर धोया कि पूछिए ही मत। देखा जाए तो सूर्यवंशी इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं।

स्कोर कार्ड

पिछले मैच में जहां उन्होंने जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि उन्होंने चौथे ओवर में इस अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई पेसर की लगातार गेंदों पर तीन चौके व एक छक्का जड़ दिए। वहीं छठे ओवर में जुरेल ने अभिनंदन सिंह के खिलाफ दो छक्के व तीन चौके सहित 24 रन ठोक दिए।

वैभव ने 15 गेंदों पर पूरी की फिफ्टी, पॉवरप्ले में 97 रनों का नया रिकॉर्ड

इस तूफानी बल्लेबाजी का ही यह परिणाम था कि राजस्थान के पहले 50 रन सिर्फ 23 गेंदों पर आ गए तो 300 की स्ट्राइक रेट से रन तोड़ने वाले सूर्यवंशी ने सात चौकों व चार छक्कों की मदद से सिर्फ 15 गेंदों पर पचासा जड़ते हुए अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसी क्रम में पॉवरप्ले खत्म हुआ तो बोर्ड पर 97 रन टंग चुके थे, जो आईपीएल का नया रिकॉर्ड था।

सूर्यवंशी व जुरेल ने सिर्फ 37 गेंदों पर ठोक दिए 108 रन

अंततः महज 37 गेंदों पर 108 रनों की तूफानी शतकीय भागीदारी नौवें ओवर में टूटी, जब क्रुणाल पंड्या (2-30) ने वैभव को विराट कोहली से लांग ऑन में कैच करा दिया (2-129)। हालांकि सत्र का अपना दूसरा पचासा जड़ने वाले वैभव के लौटते ही 10 गेंदों के भीतर सिर्फ पांच रनों की वृद्धि पर तीन दिग्गज निकल गए।

जुरेल ने जडेजा संग 50 गेंदों पर की अटूट 68 रनों की भागीदारी

इनमें सिमरॉन हेटमायर को पंड्या (शून्य) ने उसी ओवर में लौटा दिया तो कप्तान रियान पराग (तीन रन) को अगले ओवर में हेजलवुड ने जीम लिया। लेकिन जुरेल नहीं रुके और उन्होंने रवींद्र जडेजा (नाबाद 24 रन, 25 गेंद, एक चौका) संग 50 गेंदों पर अटूट 68 रनों की साझेदारी से दल को मंजिल दिला दी।

लगातार चौथी जीत से राजस्थान का शीर्ष क्रम बरकरार

इस प्रकार अजेय राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चौथी जीत से सर्वाधिक आठ अंकों के साथ अंक तालिका में अपना शीर्ष क्रम कायम रखा है। इनमें दिलचस्प तो यह है कि उसने तीन मुकाबले अपने दूसरे घरेलू मैदान (गुवाहाटी) पर जीते हैं और गुजरात टाइटंस को उसके घर में मात दी थी। वहीं अपने घर (बेंगलुरु) में शुरुआती दो जीत हासिल करने वाले आरसीबी की यह पहली पराजय है।

कोहली व पडिक्कल के बीच 17 गेंदों पर 45 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी

इससे पहले आरसीबी की पारी देखें तो जोफ्रा आर्चर (2-33),  रवि बिश्नोई (2-32) व उनके साथी गेंदबाजों के सामने एक भी अर्धशतकीय भागीदारी विकसित नहीं हो सकी। पहले ओवर में आर्चर की पहली ही गेंद पर फिल साल्ट (शून्य) के लौटने के बाद विराट कोहली (32 रन, 16 गेंद, सात चौके) व देवदत्त पडिक्कल (14 रन, सात गेंद, तीन चौके) के बीच सिर्फ 17 गेंदों पर त्वरित अंदाज में 45 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

11 ओवरों में 94 रन पर गिर चुके थे आरसीबी के 6 विकेट

लेकिन तीसरे ओवर में आर्चर ने ही पडिक्कल को चलता किया तो लगातार अंतराल पर विकेट गिरने लगे और चौथे क्रम पर उतरे रजत पाटीदार की मौजूदगी में एक समय स्थिति यह थी कि आरसीबी के छह विकेट 11 ओवरों में 94 रन पर गिर चुके थे।

आरसीबी ने अंतिम 54 गेंदों पर 107 रन जोड़े

गनीमत रही कि पाटीदार ने रोमारियो शेफर्ड (22 रन, 11 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व वेंकटेश अय्यर (नाबाद 29 रन, 15 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के साथ 31 व 41 रनों की तेज साझेदारियों से स्कोर 161 तक पहुंचाया और फिर अय्यर व भुवनेश्वर कुमार (नाबाद नौ रन, सात गेंद, एक चौका) ने 17 गेंदों पर अटूट 35 रनों की भागीदारी से स्कोर 200 के पार पहुंचाया। कुल मिलाकर देखें तो आरसीबी ने अंतिम 54 गेंदों पर 107 रन जोड़े। आर्चर व बिश्नोई के अलावा बृजेश शर्मा ने भी दो विकेट लिए।

शनिवार के मैच : पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (न्यू चंडीगढ़, अपराह्न 3.30 बजे), चेन्नई सुपर किंग्स बनाम  दिल्ली कैपिटल्स (चेन्नई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version