नई दिल्ली, 19 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के 11 दिनों बाद अंततः राष्ट्रीय राजधानी के नए मुख्यमंत्री का फैसला हो गया। इस क्रम में शालीमार बाग की नवनिर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता विधायक दल की नेता चुनी गईं। वह गुरुवार को मध्याह्न बाद रामलीला मैदान में अन्य मंत्रियों के साथ दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी।
श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं अशेष शुभकामनाएँ।
हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करेगा। pic.twitter.com/K8Mu5SyvdV
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) February 19, 2025
विजेंद्र गुप्ता व प्रवेश वर्मा ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा
भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा नियुक्त दो पर्यवेक्षकों – पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ की मौजूदगी में बुधवार की शाम भाजपा दिल्ली इकाई के कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। 27 वर्षों के अंतराल बाद दिल्ली की सत्ता संभालने को तैयार भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई।
विधायक दल बैठक। https://t.co/dvQtf6lj6h
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) February 19, 2025
मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी,… pic.twitter.com/eYM6X6ptzn
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 19, 2025
पेशे से अधिवक्ता हैं हरियाणा में जन्मीं रेखा गुप्ता
हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में जन्मी और पेशे से अधिवक्ता 50 वर्षीया रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 38,605 वोटों से हराने के साथ उनसे पिछली दो पराजयों का हिसाब चुकता किया था। रेखा गुप्ता मौजूदा समय दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं विधायक दल का धन्यवाद #viksitdelhi@BJP4India @BJP4Delhi @narendramodi @Virend_Sachdeva @JPNadda @praveendel @rsprasad @OPDhankar pic.twitter.com/qFe2iWq72J
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 19, 2025
पढ़ाई-लिखाई के दौर में ही राजनीति से जुड़ीं
रेखा के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे। 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। इसके बाद उनकी प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई। रेखा बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (RSS) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।
दिल्ली के विकास और प्रगति के नए युग की शुरुआत हो चुकी है!
दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर श्रीमती @gupta_rekha जी को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएँ!#ViksitDelhi #DelhiCM pic.twitter.com/BNOHh2NxOo
— Virendraa Sachdeva (@Virend_Sachdeva) February 19, 2025
अब तक का राजनीतिक करिअर
पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
- 2007 : उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
- 2007-09 : एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं।
- 2009 : दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं।
- 2010 : भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिली
रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से चुनाव में उतारा गया। 2015 में उन्हें आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी ने करीब 11 हजार वोटों से हराया तो वहीं 2020 में उनकी हार का अंतर 3400 वोट के करीब था। हालांकि, 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने वंदना कुमारी को बड़े अंतर से हरा दिया।
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री
दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री की बात करें तो 1993 से 1998 तक भाजपा ने जब पहली बार सरकार बनाई थी, तब कुछ दिनों के लिए सुषमा स्वराज राज्य की पहली महिला सीएम बनी थीं। उसके बाद कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल में शीला दीक्षित ने लगातार यह पद संभाला। वहीं आम आदमी पार्टी की सरकार में पिछले वर्षांत अरविंद केजरीवाल के त्यागपत्र के बाद आतिशी ने चुनाव तक सीएम पद की जिम्मेदारी निभाई। अब रेखा गुप्ता राज्य की चौथी महिला सीएम बनेंगी।

