Site icon hindi.revoi.in

देश के कई हिस्सों में दिखा रमजान का चांद, पहला रोजा आज

Social Share

नई दिल्ली, 18 फरवरी। देश में रमजान के महीने का गुरुवार से आगाज़ हो रहा है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिल्ली-एनसीआर में चांद के दीदार नहीं हुए, लेकिन देश के अन्य कई हिस्सों में रमजान का चांद दिखने की पुष्टि हुई है। धर्म गुरुओं ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए हुए थे और बारिश हो रही थी,जिस वजह से यहां चांद नजर नहीं आया। लेकिन बिहार के पटना और औरंगाबाद तथा झारखंड के कई हिस्सों में आम तौर पर रमजान का चांद देखे जाने की पुष्टि हुई है।

उधर लखनऊ के ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि चंद्रमा समिति ने घोषणा की है कि आज देश के विभिन्न हिस्सों में चांद देखा गया है। इसके आधार पर यह घोषणा की जाती है कि गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को पहला रोजा होगा। नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा की जानी चाहिए। सड़कों पर नमाज नहीं अदा करनी चाहिए। नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा करें।

खाड़ी क्षेत्र में चांद के दीदार के साथ रमजान का महीना शुरू

वहीं खाड़ी क्षेत्र के कई देशों ने मंगलवार को चांद देखे जाने के साथ ही पवित्र रमजान के महीने की शुरुआत की घोषणा की। चांद देखने की पुष्टि करने वाली समिति द्वारा चंद्रमा के दीदार करने के बाद सबसे पहले सऊदी अरब ने रमजान के महीने की शुरुआत की घोषणा की।

Exit mobile version