Site icon Revoi.in

यंग इंडिया पाथ ब्रेकर्स 2.0 में बोले राम माधव – भारत में अब गरीबी घटकर 10 प्रतिशत से भी कम

Social Share

अहमदाबाद, 30 सितम्बर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार किया है और मौजूदा समय देश में गरीबी 10 फीसदी से भी कम रह गई है।

राम माधव ने यहां यंग इंडिया के दो दिवसीय पाथ ब्रेकर्स 2.0 कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत अमृत महोत्सव के जिक्र के साथ की और भारत के स्वतंत्र होने के बारे में कहा, ‘भारत को आजादी एक संगठन या एक व्यक्ति के कारण नहीं बल्कि विभिन्न नेताओं के योगदान के सहारे मिली।’

अंतरिक्ष क्षेत्र को छोड़कर भारत हर क्षेत्र में विकास कर रहा

आरएसएस के कद्दावर नेता ने कहा, ‘भारत ने पिछले कुछ वर्षों में कई सुधार देखे हैं और इसका ही नतीजा है कि देश में गरीबी अब 10 प्रतिशत से भी कम है। देखा जाए तो भारत अंतरिक्ष क्षेत्र को छोड़कर हर क्षेत्र में विकास कर रहा है और इन सब चीजों ने हमारी सहायता की है। इनसे गर्व की अनुभूति होती है।’

उन्होंने कहा कि हर देश महान होता है, जब उसके पास एक ऐसा महान नेता होता है, जिसकी दृष्टि अच्छी होती है। भारत 30 वर्ष पहले एक विकासशील देश बनने की प्रक्रिया में था, जिसे अब एक विकासशील देश माना जाता है। ऐसे में भारत में भी आर्थिक सुधार भी किए जाने चाहिए।

भारत को चीन की भांति अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए

राम माधव ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा, ’40 वर्ष पहले भारत और चीन की अर्थव्यवस्था एक जैसी थी, लेकिन आज चीन हमसे 6-7 गुना आगे है। तो भारत कहां पीछे रह गया है? भारत को चीन की तरह अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए, जो चीन ने 1978 से 1998 तक किया था।’