Site icon hindi.revoi.in

AAP को झटका : राघव चड्ढा समेत 7 बागी सांसदों के भाजपा में प्रवेश को राज्यसभा सभापति ने दी मंजूरी

Social Share

नई दिल्ली, 27 अप्रैल। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा, जब राज्यसभा में राघव चड्ढा, संदीप पाठक सहित AAP के सात सांसदो के भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा सभापति ने सोमवार को मंजूरी दे दी। राज्यसभा ने एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें भाजपा सांसदों की लिस्ट में इन सात नेताओं का नाम शामिल है।

राज्यसभा में अब भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर 113

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के इन सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद राज्यसभा में भाजपा सांसदों की संख्या 113 हो गई है, जिनमें राष्ट्रपति की तरफ से मनोनीत पांच सदस्य भी शामिल हैं।

अब ‘आप’ के पास सिर्फ 3 राज्यसभा सांसद बचे

‘आप’ के जो सांसद भाजपा में शामिल हुए हैं, उनके नाम राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता हैं। अब उच्च सदन में AAP के पास सिर्फ तीन सांसद रह गए हैं। इनमें संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह  शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने भाजपा में शामिल होने का एलान किया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने यहां भाजपा मुख्यालय में मिठाई खिलाकर सांसदों का पार्टी में स्वागत किया था।

संजय सिंह का भाजपा और बागी सांसदों पर हमला

सांसदों के दल बदल पर आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस में भाजपा व बागी सांसदों पर हमला किया था। उन्होंने सात सांसदों का इस प्रकार आम आदमी पार्टी से अलग होना गैर कानूनी बताया था और राघव चड्ढा सहित सभी सात सांसदों की सदस्यता रद करने की बात कही थी। उनका कहना था कि भाजपा ने नियमों के खिलाफ काम किया। इसके बावजूद, इन सांसदों को भाजपा में शामिल होने की मंजूरी मिल गई है।

Exit mobile version