Site icon Revoi.in

किसानों के भारत बंद से रेल यातायात भी प्रभावित, उत्तर रेलवे ने रद कीं कई ट्रेनें

Social Share

नई दिल्ली, 27 सितम्बर। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के कारण सोमवार को रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर डिवीजन में कई स्थानों पर किसान रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। रेल प्रशासन ने भी एहतियातन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनों को रद कर दिया है।

दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर डिवीजन में ज्यादा असर

उत्तर रेलवे के अनुसार किसानों के भारत बंद के कारण दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर डिवीजन में रेल ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। दिल्ली डिवीजन में 20 से अधिक स्थानों पर किसान ट्रैक पर बैठे हैं। अंबाला और फिरोजपुर डिवीजनों में करीब 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार भारत बंद के ही कारण नई दिल्ली अमृतसर-शान ए पंजाब, नई दिल्ली-मोगा स्पेशल ट्रेन, पुरानी दिल्ली-पठानकोट स्पेशल, नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी और नई दिल्ली-कालका शताब्दी रद्द कर दी गई है। वहीं नई दिल्ली से सुबह छह बजे कटरा के लिए चली वंदे भारत एक्सप्रेस पानीपत स्टेशन पर खड़ी है।

कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों का भी बंद को समर्थन

गौरतलब है कि 40 से ज्यादा किसान संगठनों ने केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में आज भारत बंद का एलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुआई में इस बंद का विपक्ष के कई बड़े राजनीतिक दलों ने समर्थन किया है।

कांग्रेस ने अपने सभी कार्यकर्ताओं, प्रदेश इकाई प्रमुखों और पार्टी से जुड़े संगठनों के प्रमुखों को बंद में शामिल होने को कहा है। बीएसपी अध्यक्ष मायावती और आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने भी इस बंद को समर्थन दिया है।