Site icon Revoi.in

राहुल का भाजपा पर हमला – ‘नरेंद्र मोदी, चौहान और शाह ने गिराई थी कांग्रेस की सरकार, वो धोखा देने वाले लोग हैं’

Social Share

विदिशा, 14 नवम्बर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम क्षणों में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का ‘तूफान’ आएगा और राज्य के लोग पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रहे हैं।

‘मध्य प्रदेश के लोग कांग्रेस पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रहे हैं

राहुल गांधी ने विदिशा की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “मैं अब तक कई बार मध्य प्रदेश का दौरा कर चुका हूं। मैं शत-प्रतिशत बता सकता हूं कि यहां कांग्रेस पार्टी का ‘तूफान’ है। आप इसे लिख सकते हैं कि मध्य प्रदेश के लोग कांग्रेस पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रहे हैं।” मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीतों के लिए 17 नवम्बर को मतदान होना है और वोटों की गिनती तीन दिसम्बर को होगी।

वर्ष 2020 में कांग्रेस सरकार को गिराने की घटना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा पर जबर्दस्त हमला किया और आरोप लगाया कि पीएम मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने विधायकों को खरीदा और मध्य प्रदेश की चुनी हुई कांग्रेस की सरकार को गिरा दिया।

‘भाजपा नेताओँ ने करोड़ों रुपये देकर कांग्रेस पार्टी के विधायकों को खरीदा था

राहुल ने कहा, ‘मध्य प्रदेश की जनता ने पांच साल पहले कांग्रेस की सरकार को चुना था। आपने भाजपा को वोट नहीं दिया था। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मिलकर विधायक खरीदे और मध्य प्रदेश की चुनी हुई कमलनाथ सरकार को गिरा दिया। उन्होंने करोड़ों रुपये देकर कांग्रेस पार्टी के विधायकों को खरीदा। पीएम मोदी और भाजपा के दूसरे नेताओं ने आपके दिल की आवाज को कुचलने का काम किया है।’

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ‘भाजपा ने आपको धोखा दिया है। मध्य प्रदेश के अरबपतियों को धोखा नहीं दिया गया, लेकिन किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, बेरोजगार युवाओं को धोखा दिया। हम आपकी सरकार चलाना चाहते थे, हमने किसानों का कर्ज माफ किया था। आपको याद होगा कि कांग्रेस ने जब 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया तो भाजपा नेताओं ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं कर सकती है।’

हम हर राज्य में बीजेपी से लड़ते हैं, कर्नाटक-हिमाचल में हमने उन्हें भगाया

राहुल ने कहा, “हम हर राज्य में बीजेपी से लड़ते हैं। कर्नाटक में हमने उन्हें भगाया। हिमाचल में भगाया, लेकिन उसके लिए हम नफरत नहीं फैलाते। हमने तो ‘नफरत का बाजार’ में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोली है। हम अहिंसा के सिपाही हैं। हम मारते नहीं हैं, लेकिन प्यार से जरूर भगा देते हैं।”