Site icon hindi.revoi.in

राहुल गांधी की विवादित टिप्पणी – ‘हमारी लड़ाई भाजपा व आरएसएस से ही नहीं वरन भारत राज्य से भी है’

Social Share

नई दिल्ली, 15 जनवरी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक टिप्पणी ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी में आज कांग्रेस मुख्यालय के नए दफ्तर ‘इंदिरा भवन’ के उद्घाटन अवसर पर राहुल गांधी ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह विवादित बयान दिया।

राहुल ने अपने संबोधन में कहा, “यह मत सोचिए कि हम निष्पक्ष लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें कोई निष्पक्षता नहीं है। यदि आप मानते हैं कि हम भाजपा नामक एक राजनीतिक संगठन से लड़ रहे हैं या हम आरएसएस नामक एक राजनीतिक संगठन से लड़ रहे हैं तो आप नहीं समझ पाए हैं कि क्या हो रहा है। भाजपा और आरएसएस ने हमारे देश के प्रत्येक संस्थान पर कब्जा कर लिया है। अब हम सिर्फ भाजपा नामक राजनीतिक संगठन और आरएसएस से नहीं बल्कि ‘इंडियन स्टेट’ से भी लड़ रहे हैं।”

भाजपा बोली – ऐसी विचारधारा से कांग्रेस हाशिये पर ही जाने वाली है

फिलहाल राहुल के इस बयान पर भाजपा भड़क गई है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी सीएम कविंद्र गुप्ता ने कहा कि अब कांग्रेस हाशिये पर जाने वाली है। ये लोग लड़ते-लड़ते खुद खत्म होने वाले हैं। ऐसी विचारधारा तो हाशिये पर ही ले जाने वाली है।

बचाव में उतरी कांग्रेस – बयान गलत ढंग से पेश किया जा रहा

भाजपा की ओर से राहुल गांधी से माफी की मांग की जा रही है तो वहीं कांग्रेस के नेता बचाव में उतर आए हैं। सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। उनके बयान को समग्रता से देखना चाहिए। उनका कहना था कि सभी संवैधानिक संस्थाओं पर आरएसएस से जुड़े लोगों का कब्जा हो गया है और न्याय नहीं मिल पा रहा।

वहीं कांग्रेस महासचिव बीके हरिप्रसाद ने भी कहा कि राहुल गांधी के बयान में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने संस्थाओं में संघ के लोगों को भरे जाने की बात कही थी। इसी को लेकर उनकी यह टिप्पणी आई।

अमित मालवीय बोले – राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए

भाजपा की ओर से मांग की जा रही है कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने लिखा, “राहुल गांधी ने अब भारतीय राज व्यवस्था के खिलाफ खुली लड़ाई का एलान कर दिया है। यह सीधे ‘जॉर्ज सोरोस’ की ‘प्लेबुक’ से लिया गया है।”

Exit mobile version