Site icon Revoi.in

राहुल गांधी का भाजपा पर हमला – ‘भाजपा पहले डर फैलाती है, फिर इसे हिंसा में बदल देती है’

Social Share

बोदरली (मध्य प्रदेश), 23 अक्टूबर।  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार सुबह मध्य प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा युवाओं, किसानों और मजदूरों के दिलों में पहले डर फैलाती है और फिर इसे हिंसा में बदल देती है।

मध्य प्रदेश में 12 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत

राहुल की अगुआई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाराष्ट्र से गुजरने के बाद ‘दक्षिण का द्वार’ कहे जाने वाले बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से मध्य प्रदेश में तय कार्यक्रम से एक घंटे की देरी से दाखिल हुई। राहुल ने गांव के सभास्थल पर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाइयों के बीच तिरंगे का हस्तांतरण कराने के बाद मध्य प्रदेश में 12 दिवसीय यात्रा की औपचारिक शुरुआत की।

राहुल ने भाजपा को एक तरह से चुनौती देते हुए कहा, “हमने कन्याकुमारी से हाथ में तिरंगा लेकर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी। इस तिरंगे को श्रीनगर पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।” इस मौके पर महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले, मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

राहुल ने सभा में कहा कि उनकी यात्रा देश में फैलाई जा रही नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा, ‘भाजपा सबसे पहले युवाओं, किसानों और मजदूरों के दिलों में डर फैलाती है और जब यह डर अच्छी तरह से फैल जाता है तो वह इसे हिंसा में बदल देती है।’

यह अन्याय का हिन्दुस्तान है, ऐसा हिन्दुस्तान हमें नहीं चाहिए

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश का उद्योग जगत, हवाई अड्डे और बंदरगाह केवल तीन-चार उद्योगपतियों के हाथों में हैं और अब रेलवे भी उनके हाथों में जाने वाला है। राहुल ने कहा, ‘यह अन्याय का हिंदुस्तान है। ऐसा हिंदुस्तान हमें नहीं चाहिए। गरीबों को न्याय चाहिए।’ उन्होंने यह भी कहा कि महंगे पेट्रोल और रसोई गैस के लिए आम आदमी की जेब से निकलने वाला धन इन्हीं तीन-चार उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है।

सरकार पर लगाया शिक्षा के निजीकरण का आरोप

राहुल गांधी ने रुद्र नाम के पांच वर्षीय बच्चे को अपनी सभा के मंच पर बुलाया, जिसने कहा कि वह बड़ा होकर डॉक्टर बनना चाहता है। उन्होंने सरकार पर शिक्षा के निजीकरण का आरोप लगाते हुए कहा, ‘आज के हिन्दुस्तान में रुद्र का डॉक्टर बनने का सपना पूरा नहीं हो सकता, क्योंकि निजी चिकित्सा महाविद्यालय में पढ़ाई के लिए उसके माता-पिता को करोड़ों रुपये की फीस देनी होगी। फीस नहीं दे पाने के कारण उसे मजदूरी करनी पड़ेगी।’

पदयात्रा पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल से गुजरेगी

यह पदयात्रा चार दिसम्बर को राजस्थान में दाखिल होने से पहले 12 दिनों में पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल से गुजरेगी। गौरतलब है कि इस किसान बहुल इलाके में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने भाजपा पर अहम बढ़त हासिल की थी और राज्य में कमलनाथ की अगुआई में पार्टी की सरकार बनी थी।