Site icon hindi.revoi.in

राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भ्रष्ट और अक्षम करार दिया, उनके इस्तीफे की मांग दोहराई

Social Share

नई दिल्ली, 22 जुलाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जारी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए बुधवार को कहा कि छात्र एक जायज वजह से विरोध कर रहे हैं और सरकार उन पर हमला कर रही है।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के दौर में देश की शिक्षा व्यवस्था में ‘धांधली’ हुई है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ‘भ्रष्ट’ और ‘अक्षम’ बताते हुए राहुल गांधी ने उनके इस्तीफा की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने कहा, ‘हमारी शिक्षा प्रणाली महंगी है, भारत सरकार 1.4 लाख करोड़ रुपये का शिक्षा बजट रखती है, लेकिन छात्रों को एक नीट परीक्षा पर 1.32 लाख करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं।

राहुल ने कहा, ‘छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यह एक जायज मांग है। प्रधान एक भ्रष्ट और अक्षम व्यक्ति हैं। उन्हें हटाया जाना चाहिए।’ छात्रों की मांग का समर्थन करते हुए, गांधी ने कहा कि प्रधान इस पूरी गड़बड़ी का प्रतीक हैं और उन्हें हटाया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर ‘भारत की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने’ का आरोप लगाया, जो हमारी सबसे बड़ी संपत्ति थी।

10 साल, 152 पेपर लीक, 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित और 0 सजा?

आंकड़े पेश करते हुए राहुल ने दावा किया, ‘पिछले 10 वर्षों में कम से कम 152 बार पेपर लीक हुए हैं। इससे 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए, लेकिन इसके लिए किसी की कोई जवाबदेही तय नहीं की गई। प्रधान को बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए, वह पद पर बने रहने के लिहाज से अक्षम हैं। हमारी शिक्षा प्रणाली दुनिया में सर्वश्रेष्ठ जानी जाती थी, लेकिन आज त्रुटिपूर्ण हो गई है।’

Exit mobile version