Site icon Revoi.in

राहुल गांधी का तंज – महंगाई और बेरोजगारी पर बुलडोजर चलना चाहिए, लेकिन भाजपा के बुलडोजर पर नफरत सवार

Social Share

नई दिल्ली,12 अप्रैल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा है कि सत्ता में बैठे लोगों को महंगाई एवं बेरोजगारी  जैसी समस्याओं पर बुलडोजर चलाना चाहिए, लेकिन भाजपा के बुलडोजर पर तो नफरत और दहशत सवार है।

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के खरगोन में राम नवमी पर हुई हिंसा के आरोपितों के घरों एवं दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने की पृष्ठभूमि में मंगलवार को यह टिप्पणी की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘महंगाई और बेरोजगारी ने देश की जनता का दम निकाल दिया है। सरकार को लोगों की इन समस्याओं पर बुलडोजर चलाना चाहिए। मगर भाजपा के बुलडोजर पर तो नफरत और दहशत सवार है।’

देश के शीर्ष नेता नफरत का प्रसार देखने और सुनने से इनकार करते हैं : चिदंबरम

इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, ‘भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, जिसका मतलब पवित्रता का प्रतीक होता है। राम नवमी पर असहिष्णुता, हिंसा और घृणा के कृत्य किए जा रहे हैं।’

 

चिदंबरम ने सत्ता में शीर्ष पर विराजमान लोगों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि देश के शीर्ष नेता नफरत के प्रसार को देखने और सुनने से इनकार करते हैं। वे मौन हैं। हर दिन, हम एक कम स्वतंत्र देश बनते जा रहे हैं। सभी सही सोच रखने वाले लोगों को देश के स्व-नियुक्त अभिभावकों द्वारा की गई हिंसा और धमकी की निंदा करनी चाहिए।’

राम नवमी के जुलूस पर पथराव में 24 लोग घायल हुए थे

गौरतलब है कि खरगोन शहर में रविवार को राम नवमी के जुलूस पर पथराव, कुछ वाहनों और घरों में आगजनी की घटनाओं के बाद पूरे शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा। पथवार में छह पुलिसकर्मी सहित कम से कम 24 लोग घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। इस मामले में 70 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जुका है और अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।