Site icon Revoi.in

राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान को बताया हास्यास्पद

Social Share

जम्मू, 24 जनवरी। दो वर्ष पूर्व भारतीय सेना द्वारा पाक कब्जे वाले कश्मीर में की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर एक बार फिर सवाल उठाने के अपने बयान पर दिग्विजय सिंह को कांग्रेस के भीतर से समर्थन न मिलने के कारण वह अलग थलग पड़ गए हैं। इस क्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दिग्विजय के बयान से असहमति जताते हुए इसे हास्यास्पद करार दिया है।

भारत जोड़ो यात्रा के 130वें दिन पत्रकारों के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह के बयान को उनका निजी बयान बताते हुए कहा कि यह समय देशवासियों को भाजपा-आरएसएस द्वारा बनाए गए नफरत के माहौल के खिलाफ खड़े होने का है।

भारत जोड़ो यात्रा में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी शामिल हुईं

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को नगरोटा से दोमेल चौक के लिए रवाना हुई। आज इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी शामिल हुईं। यात्रा के दौरान राहुल गांधी सुरक्षा घेरा तोड़कर सेना के जवानों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कांटेदार तार के दूसरी तरफ खड़े जवानों से हाथ भी मिलाया।

कांग्रेस के शेड्यूल के तहत 25 जनवरी की सुबह आठ बजे यात्रा मैत्रा रामबन से शुरू होकर खोबाग में रुकेगी और दोपहर दो बजे हरपुरा बनिहाल के लिए रवाना होना है। अधिकारियों का कहना था कि जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यात्रा के लिए समुचित सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। बस मौसम का साथ मिलना बाकी है क्योंकि आज से दो दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।

दिग्विजय का बयान उनका व्यक्तिगत दृष्टिकोण

झज्जर कोटली में पहुंचने पर राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए साफ कहा कि कांग्रेस या उनका दिग्विजय के बयान से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘दिग्विजय का यह व्यक्तिगत दृष्टिकोण हो सकता है। हमारा नहीं। उनके जैसे सीनियर नेता का यह हास्यास्पद बयान है। कांग्रेस और हमें सेना पर पूरा भरोसा है। भारतीय सेना कुछ करती है तो उसे सबूत देने की कोई जरूरत नहीं है।’

हम कश्मीर के लोगों का दर्द सुनने व समझने आए हैं

राहुल गांधी ने कहा कि कश्मीर के लोगों के दिल में जो दर्द है, उसे हम सुनने और समझने आए हैं। हम सबको प्यार करते हैं, सम्मान करते हैं। समझते हैं कि जम्मू-कश्मीर मुश्किल समय से गुजर रहा है। जम्मू व कश्मीर के बीच भाजपा ने जो खाई बनाई है, हम उसे पाटने का काम करने आए हैं। मोहब्बत की हजारों दुकान हम जम्मू-कश्मीर में खोलना चाहते हैं। नफरत से कुछ नहीं होता है, हिंसा से कुछ सुलझाया नहीं जा सकता है। गले लगने से काम हो सकता है। हम चाहते हैं कि जल्दी से जल्दी आपको आपका अधिकार मिले।’