नई दिल्ली | कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी आर्थिक और नीतिगत विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में जनता से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल कम इस्तेमाल करने, फर्टिलाइजर और कुकिंग ऑयल की खपत घटाने, मेट्रो से यात्रा करने और घर से काम करने जैसी अपीलें कीं। कांग्रेस नेता ने इन सलाहों को “उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी के सबूत” बताया।
उन्होंने कहा, “12 साल में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है कि अब जनता को बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं खरीदना है, कहां जाना है और कहां नहीं जाना है।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर संकट और समस्या की जिम्मेदारी सरकार जनता पर डाल देती है ताकि खुद जवाबदेही से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि देश चलाना अब “समझौता करने वाले प्रधानमंत्री” के बस की बात नहीं रह गई है।
- कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल ने उठाए सवाल
केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ”ईरान-अमेरिका युद्ध के तीन महीने बीत चुके हैं और प्रधानमंत्री मोदी भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के बारे में अभी भी पूरी तरह से बेखबर हैं। यह शर्मनाक, गैरजिम्मेदाराना और सरासर अनैतिक है कि प्रधानमंत्री इस वैश्विक संकट से हमारी अर्थव्यवस्था को अप्रभावित रखने के लिए आकस्मिक योजनाएं बनाने के बजाय आम नागरिक को असुविधा में धकेल रहे हैं।”

