Site icon hindi.revoi.in

महंगाई को लेकर राहुल-खरगे का सरकार पर हमला, बोले- चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल पर ₹8 की मार

Social Share

नई दिल्ली, 25 मई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार हुई बढ़ोतरी पर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹2.61 प्रति लीटर बढ़कर ₹102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा होकर ₹95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में यह चौथी बढ़ोतरी है। इस अवधि में पेट्रोल कुल ₹7.35 और डीजल ₹7.53 प्रति लीटर महंगा हो चुका है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं, ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने पेट्रोल-डीजल को करीब आठ रुपये महंगा कर दिया है। राहुल ने कहा कि मोदी चुनाव में वादे करते हैं और बाकी समय जनता की जेब पर वार करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे “रोजाना की डकैती” बताया। उन्होंने लिखा, “ईंधन लूट का रोजाना होने वाला आक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है।” खरगे ने दावा किया कि मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़क दिया है। खरगे ने UPA और NDA शासन की तुलना करते हुए कहा कि 2004-2014 के दौरान अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में 175.34% की वृद्धि हुई थी, जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में कच्चे तेल की कीमतें लगभग स्थिर रहीं।

इसके बावजूद पेट्रोल 2014 में ₹71.41 से बढ़कर ₹102.12 और डीजल ₹56.71 से बढ़कर ₹95.20 हो गया।उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों में 43 लाख करोड़ रुपये की “लूट” कर चुकी है और सवाल किया कि इस रोजाना डकैती से आखिर किसे फायदा हो रहा है।यह बढ़ोतरी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने वाली मानी जा रही है, खासकर जब महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें पहले से ही ऊंची चल रही हैं।

Exit mobile version