मुंबई, 15 जुलाई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पिछले सत्र में बड़ी गिरावट देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को अच्छी रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन दोपहर में मुनाफावसूली से मजबूत बढ़त पर तनिक अंकुश लग गया। हालांकि दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बैंक शेयरों में बढ़त और अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद से कम रहने के साथ बीएसई सेंसेक्स जहां 130 अंक मजबूत हुआ वहीं एनएसई निफ्टी में 26 अंक चढ़ा।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद के मुकाबले अधिक नरम रहने से ऐसी संभावना है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व आने वाले महीनों में मौद्रिक नीति के मामले में कम आक्रामक रुख अपनाएगा। फिलहाल अमेरिका व ईरान के बीच तनाव बढ़ने के कारण दोपहर के कारोबार में निवेशकों का उत्साह कम हुआ और उनकी मुनाफावसूली से बाजार की बढ़त सीमित हो गई।
सेंसेक्स 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 130.49 अंक यानी 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 591.33 अंक यानी 0.76 प्रतिशत के लाभ के साथ 77,646.27 अंक तक जा पहुंचा था जबकि मध्याह्न बाद सूचकांक एक समय 72 अंकों की कमजोरी से 77 हजार के नीचे 76,982.82 तक जा गिरा था। सेसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाभ में रहे तो 12 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 26.45 अंक बढ़कर 24,078.50 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 26.45 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 24,078.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 168 अंक चढ़कर 24,220.35 तक जा पहुंचा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाभ में रहे तो 25 में कमजोरी दिखी।
इटरनल के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.02% चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटरनल के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.02 फीसदी चढ़े। अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन और एशियन पेंट्स में भी प्रमुख रूप से मजबूती रही। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और इन्फोसिस शामिल हैं।
एफआईआई ने 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.90 प्रतिशत बढ़कर 85.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
रुपया 16 पैसे टूटकर 96.32 प्रति डॉलर पर
इस बीच भारतीय रुपया बुधवार को 16 पैसे की गिरावट के साथ 96.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और डॉलर के कमजोर होने से रुपये में गिरावट सीमित रही।

