Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : प्रियांश व कोनोली ने पंजाब किंग्स को दिया सत्र का सर्वोच्च स्कोर, LSG की लगातार तीसरी हार

Social Share

न्यू चंडीगढ़, 19 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में अब तक इकलौते अपराजेय दल पंजाब किंग्स (PBKS) ने रविवार की रात घरेलू दर्शकों के सम्मुख बल्ले व गेंद से पराक्रमी प्रदर्शन के बीच न सिर्फ मौजूदा सत्र के सर्वोच्च स्कोर पर अपना नाम लिखाया वरन लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) पर 54 रनों की प्रभावशाली जीत से अंक तालिका में अपना सर्वोच्च स्थान भी बरकरार रखा।

प्रियांश व कूपर के विस्फोटक पचासों से 254 रनों तक पहुंचे मेजबान

महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य घरेलू टीम ने दो युवा वामहस्त बल्लेबाजों – दिल्लीवासी प्रियांश आर्य (93 रन, 37 गेंद, नौ छक्के, चार चौके) व ऑस्ट्रेलियाई कूपर कोनोली (87 रन, 46 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) की विस्फोटक पारियों और उनके बीच निभी बहुमूल्य शतकीय भागीदारी से सात विकेट पर 254 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा किया। इस क्रम में श्रेयस अय्यर एंड कम्पनी ने आरसीबी को पीछे छोड़ा, जिसने गत पांच अप्रैल को बेंगलुरु में सीएसके के खिलाफ 250 रनों के साथ चालू सत्र का सर्वोच्च स्कोर बनाया था।

पंत सहित अन्य बल्लेबाजों की कोशिशों के बावजूद 200 पर ठहर गए मेहमान

जवाबी काररवाई के दौरान मार्को यान्सेन (2-37) की अगुआई में पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने विपक्षी दल के किसी भी बल्लेबाज को 50 का आंकड़ा नहीं छूने दिया। इस क्रम में सर्वोच्च स्कोरर बने कप्तान ऋषभ पंत (43 रन, 23 गेंद, चार छक्के, एक चौका) सहित अन्य बल्लेबाजों की कोशिशों के बावजूद लखनऊ की टीम पांच विकेट पर 200 रनों तक जाकर ठहर गई।

पांचवीं जीत से पंजाब किंग्स की अग्रता कायम

अंक तालिका में अग्रणी पंजाब किंग्स ने छह मैचों में पांचवीं व लगातार चौथी जीत से अब 11 अंक बटोर लिए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उसका मैच बारिश में धुल गया था। वहीं एलएसजी की छह मैचों में यह लगातार तीसरी व कुल चौथी पराजय थी और वह चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।

स्कोर कार्ड

मुकाबले की बात करें तो कठिन लक्ष्य के समक्ष ऋषभ पंत के अलावा एडेन मार्करम (42 रन, 22 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके), मिचेल मार्श (40 रन, 28 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) और आयुष बदोनी (35 रन, 21 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) ने तेज हाथ दिखाए, लेकिन इनमें एक भी बल्लेबाज ज्यादा दूर तक नहीं जा सका।

मार्श-बदोनी व मार्करम-मुकुल ने कीं अर्धशतकीय भागीदारियां

मार्श व बदोनी ने पहले विकेट के लिए 36 गेंदों पर 61 रन जोड़े तो मार्करम व मुकुल चौधरी (नाबाद 21 रन, 17 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने 34 गेंदों पर 60 रन जोड़े। यान्सेन के अलावा अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशाक और युजवेंद्र चहल ने आपस में तीन विकेट बांटे।

पंजाब किंग्स के क्षेत्ररक्षकों ने छोड़े कई कैच

वैसे पंजाब किंग्स के क्षेत्ररक्षकों का प्रदर्शन काफी खराब रहा, जिन्होंने मैच के दौरान काफी कैच टपकाए। इनमें शशांक सिंह ने मैदान पर करीब तीन कैच छोड़े। यदि ये कैच लपके गए होते तो घरेलू टीम की जीत का अंतर और बड़ा हो सकता था।

आर्य व कोनोली ने 80 गेंदों पर ठोक दिए 182 रन

इसके पूर्व पंजाब किंग्स की पारी देखें तो प्रभसिमरन सिंह (शून्य) भले ही तीसरी गेंद पर मो. शमी (1-56) के शिकार हो गए। लेकिन उसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ 24 वर्षीय प्रियांश व उनसे दो वर्ष छोटे कोनोली ने तूफानी पारियों के बीच न सिर्फ सत्र के अपने दूसरे अर्धशतक जड़े वरन उनके बीच 80 गेंदों पर हुई 182 रनों की शानदार भागीदारी के दौरान कुल 16 छक्कों (प्रियांश के 9) और 12 चौकों के दर्शन भी हुए।

चार गेंदों के भीतर इन दोनों बल्लेबाजों के लौटने के बाद हालांकि श्रेयस अय्यर (पांच रन) नहीं चले। लेकिन पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले मार्कस स्टोइनिस (29 रन, 16 गेंद, दो छक्के, दो चौके), नेहल वढेरा (13 रन, सात गेंद, एक छक्का, एक चौका) व शशांक सिंह (17 रन, छह गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने भी तेज हाथ दिखाते हुए दल को ढाई सौ के पार पहुंचा दिया। लखनऊ के लिए प्रिंस यादव (2-25) व मनीमारन सिद्धार्थ (2-35) ने आपस में चार विकेट बांटे।

सोमवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version