Site icon Revoi.in

प्रियंका गांधी का केंद्र पर निशाना, बोलीं – ‘मोदी जी, बिना एफआईआर के मैं हिरासत में हूं’

Social Share

सीतापुर, 5 अक्टूबर। लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को 24 घंटे से ज्यादा समय से सीतापुर पुलिस की हिरासत में रखा गया है। लखीमपुर जाने की जिद पर अड़ीं प्रियंका की रिहाई के लिए एक तरह पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस समर्थकों का विरोध जारी है वहीं, खुद प्रियंका ने ट्वीट कर केंद्र सरकार और  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट में लिखा – ‘नरेंद्र मोदी जी, ‘आपकी सरकार ने बगैर किसी आदेश और एफआईआर के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है।’ इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए पूछा कि अन्नदाता को कुचल देने वाले अब तक गिरफ्तार नहीं हुए क्यों?

गौरतलब है कि रविवार को तड़के प्रियंका गांधी को सीतापुर पुलिस ने हिरासत में लिया था। उसके बाद से अब तक प्रियंका गांधी पुलिस की हिरासत में ही हैं। उनकी रिहाई के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सीतापुर पीएसी गेस्ट हाउस के गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे की गिरफ्तारी की मांग

प्रियंका गांधी ने एक अन्य ट्वीट में एक वीडियो दिखाते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे की गिरफ्तारी की भी मांग की, जिसपर अपने वाहन से किसानों को कुचलने का आरोप है। हालांकि आशीष मिश्र सहित अन्य पर हत्या का मुकदमा कायम किया जा चुका है। लेकिन उनमें किसी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।

कांग्रेस का आरोप – ड्रोन से निगरानी की जा रही

सीतापुर पीएसी गेस्टहाउस के बाहर धरनारत कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रियंका गांधी 30 घंटे से अधिक समय से हिरासत में रखी गई हैं। प्रियंका गांधी को जिस कमरे में हिरासत में रखा गया है, उसके बाहर ड्रोन कैमरे से सरकार निगरानी कर रही है। अधिकारियों और पुलिस का कहना है कि उन्हें ड्रोन के बारे में कोई संज्ञान नहीं। भाजपा सरकार का किसानों की आवाज को कुचलने की कोशिश जारी है।

राहुल बोले – प्रियंका डरती नहीं, वह सच्ची कांग्रेसी है

उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बहन प्रियंका गांधी को हिरासत में रखने के मामले में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है, सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।

कार की पिछली सीट के नीचे छिपकर जा रही थीं प्रियंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को मध्यरात्रि बाद कार से सीतापुर के रास्ते लखीमपुर के लिए निकलीं थीं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस की घेराबंदी को चकमा देने के लिए वह कार की पीछे वाली सीट के नीचे छिपकर जा रही थीं। इसका खुलासा हरगांव में कार की चेकिंग के दौरान हुआ।

उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद जिले के डीएम-एसपी भी अलर्ट मोड पर आ चुके थे। अटरिया से लेकर लहरपुर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया। इस दौरान प्रियंका ने भी रूट ही बदला। लेकिन भोर होते-होते हरगांव में उन्हें रोक लिया गया था।