Site icon Revoi.in

प्रियांक खरगे का आरोप : भाजपा ने JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना के देश छोड़कर फरार होने की साजिश रची

Social Share

बेंगलुरु, 29 अप्रैल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे के पुत्र और कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने सोमवार को जनता दल (सेक्युलर) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कथित ‘सेक्स स्कैंडल’ विवाद के बाद देश छोड़ने की खबरों के बीच आरोप लगाया कि यह सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश है, जिसके कारण हसन के सांसद देश से फरार हुए हैं। उल्लेखीय है कि हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ उनकी पूर्व घरेलू सहायिकाओं की शिकायत के बाद रविवार को पुलिस ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।

प्रियांक खरगे ने कहा, ‘भाजपा ने सुनिश्चित किया कि JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना देश छोड़कर फरार हो जाएं। आज यदि उन्होंने देश छोड़ दिया है, जैसा कि अफवाहें उड़ाई जा रही हैं, तो सवाल उठता है कि उन्होंने देश कैसे छोड़ा? किसने इसकी सुविधा दी? मैं सीधे तौर पर इस मामले में भाजपा पर आरोप लगा रहा हूं।’

रेवन्ना का पुराना इतिहास जानते हुए उन्हें टिकट क्यों दिया

प्रियांक ने लोकसभा चुनाव में रेवन्ना को फिर से मैदान में उतारने के लिए भाजपा-जेडीएस गठबंधन की आलोचना की और इस मामले पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘ प्रज्वल रेवन्ना के पुराने इतिहास से सभी परिचित थे। उनके बारे में भाजपा पदाधिकारियों को कई पत्र प्राप्त हुए थे कि उनसे हजारों पीड़ित हैं। इसके बावजूद भाजपा और जेडीएस ने मिलकर रेवन्ना को हासन से टिकट दिया। वे हुबली हत्याकांड को भुनाने के लिए इतने तत्पर थे। वे अब इतने चुप क्यों हैं? वे हर शहर में विरोध प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे हैं, जैसा उन्होंने हुबली हत्याकांड के दौरान किया था?’

जेडीएस विधायक शरण गौड़ा ने प्रज्वल को पार्टी से निष्कासित करने की मांग उठाई

इस बीच जेडीएस विधायक शरण गौड़ा कंदाकुर ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा को पत्र लिखकर कथित अश्लील वीडियो मामले में प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। कंडाकुर ने कहा कि एचडी देवेगौड़ा के पोते का निष्कासन पार्टी को और शर्मिंदगी से बचाएगा।

शरण गौड़ा ने कहा, ‘हमारी पार्टी का चुनाव चिह्न एक महिला है, जो अपने सिर पर धान ले जा रही है। आपने पार्टी को सामाजिक और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा पर बनाया है, जिस पर लोग विश्वास करते हैं। हमारे साथ गठबंधन में भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है। हालांकि हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं, जो हमारे महत्व को दर्शाती है। इस पृष्ठभूमि में पार्टी को शर्मिंदगी से बचाने के लिए राज्य सरकार ने पहले ही एक एसआईटी का गठन कर दिया है और पार्टी में एक आंतरिक समिति का गठन किया जाना चाहिए। इसके साथ ही मैं आपसे प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से निष्कासित करने का अनुरोध करता हूं।’

कांग्रेस की महिला इकाई का बेंगलुरु में विरोध प्रदर्शन

वहीं कांग्रेस की महिला इकाई ने भी जेडीएस सांसद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेंगलुरु में विरोध प्रदर्शन किया। प्रज्वल रेवन्ना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार के रूप में हासन से लोकसभा की सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के श्रेयस पटेल से है।

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक सरकार ने सांसद रेवन्ना के खिलाफ कथित अश्लील वीडियो मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। आईपीएस अधिकारी विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता वाली एसआईटीमें डीजी सीआईडी ​​सुमन डी पेनेकर और आईपीएस अधिकारी सीमा लाटकर भी शामिल हैं, जिन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।