Site icon hindi.revoi.in

प्रधानमंत्री मोदी ने की कांग्रेस नेता अजय राय के स्वस्थ होने की कामना, अस्पताल में चल रहा इलाज

Social Share

लखनऊ, 2 मई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उनको भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजय राय के जल्द स्वस्थ होने किए कामना की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पोस्ट के जरिए अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा कि अजय राय के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है और वह उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

जानकारी के अनुसार, अजय राय ने दिन में पार्टी द्वारा आयोजित शिक्षकों और डॉक्टरों के सम्मेलन में भाग लिया था, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने बेचैनी और दर्द की शिकायत की थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के एक निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि अजय राय को अचानक सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत के बाद भर्ती किया गया। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है और इलाज जारी है।

फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है, और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। शाम को अजय राय ने मीडिया से बातचीत की थी। इसमें उन्होंने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर अपनी राय रखते हुए कहा था कि हम तो शुरू से ही कहते आ रहे थे कि गैस की कीमतें बढ़ाई जाएंगी। और जैसे ही चुनाव और मतदान खत्म हुआ, आप उनकी चालाकी देख सकते हैं। सरकार ने मतदान खत्म होते ही, उन्होंने तुरंत रातों-रात कीमतें बढ़ा दीं।

सोडियम लेवल कम होने से बिगड़ी हालत

प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह पाया गया कि अजय राय के शरीर में सोडियम का स्तर अचानक कम हो गया था, जिसके चलते उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उन्हें बेचैनी और शरीर में दर्द की शिकायत थी, लेकिन कार्यक्रम के बीच अचानक उनकी स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई। अस्पताल में कांग्रेस नेता की कई मेडिकल जांच की जा रही है ताकि उनकी तबीयत बिगड़ने की असली वजह का पता लगाया जा सके। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह से स्वस्थ होने तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा।

Exit mobile version