Site icon Revoi.in

अंतरिम बजट से पहले संसद में राष्ट्रपति मुर्मू का अभिभाषण – ‘पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी के कुचक्र से बाहर निकले’

Social Share

नई दिल्ली, 31 जनवरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के अंतिम बजट (अंतरिम बजट) सत्र से पहले बुधवार की संसद में संयुक्त बैठक को संबोधित किया। नई संसद में अपने पहले अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के मद्देनजर सरकार की उपलब्धियां गिनाई और बताया कि संसद भवन का निर्माण ‘अमृत काल’ की शुरुआत के दौरान किया गया है, जिसमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सार है।

द्रोपदी मुर्मू ने कहा, “मैं ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण विधेयक) के पारित होने के लिए संसद सदस्यों की सराहना करती हूं।” उन्होंनने कहा कि मोदी सरकार लगातार अच्छा काम कर रही है और हर प्रणाली में पारदर्शिता को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी के कुचक्र से बाहर निकले हैं।

‘सच हुआ राम मंदिर का सपना, अनुच्छेद 370 हटाने की शंकाएं अब इतिहास

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में कहा कि राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी, जो कि आज सच हो चुका है। वहीं जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को लेकर शंकाएं थीं, आज वे इतिहास हो चुकी हैं।

‘वैश्विक संकट के बावजूद सरकार ने बोझ नही बढ़ने दिया’

द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘बीते वर्षों में विश्व ने दो बड़े युद्ध देखे और कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का सामना किया। ऐसे वैश्विक संकटों के बावजूद मेरी सरकार ने देश में महंगाई को काबू में रखा, सामान्य भारतीय का बोझ नहीं बढ़ने दिया।’

‘रियल टाइम डिजिटल लेनदेन बढ़ा’

राष्ट्रपति मुर्मू ने डिजिटल लेनदेन में उत्तरोत्तर बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा, ‘आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेनदेन का 46 प्रतिशत भारत में होता है। पिछले महीने UPI से रिकॉर्ड 1200 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसके तहत 18 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लेनदेन हुआ है।’

अभिभाषण के बाद ऐतिहासिक बग्घी में बैठ राष्ट्रपति भवन रवाना हुईं मुर्मू

लोकसभा-राज्यसभा के संयुक्त सत्र में अभिभाषण के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गईं। राष्ट्रपति अपनी ऐतिहासिक बग्घी में सवार होकर नए संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए निकलीं।

राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र 2024 का आगाज हो गया है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट सत्र के मद्देनजर आर्थिक सर्वे पेश करेंगी। वित्त मंत्री गुरुवार यानी एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश करेंगी। बजट सत्र 9 फरवरी, 2024 को समाप्त हो जाएगा।