Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में कहा – कश्मीर में मतदान के कई रिकॉर्ड टूटे, घाटी ने देश के दुश्मनों को दिया करारा जवाब

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 27 जून। देश में हाल में हुए आम चुनाव के दौरान कश्मीर में हुए मतदान में कई रिकॉर्ड टूटने की ओर ध्यान दिलाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन चुनाव के माध्यम से घाटी ने देश के दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। मुर्मू ने 18वीं लोकसभा में पहली बार दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण में लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन के लिए निर्वाचन आयोग को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में मतदान के कई रिकॉर्ड टूटे और घाटी ने देश के दुश्मनों को करारा जवाब दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गठित नयी सरकार के आने वाले बजट की ओर संकेत करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट भविष्योन्मुखी दस्तावेज होगा, सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि उत्पादों के भंडारण की दिशा में काम कर रही है तथा कृषि उपजों के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) बढ़ाया गया है।

YouTube video player

राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया भर में जैविक उत्पादों की मांग बढ़ रही है और भारतीय किसान इस मांग को पूरा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के संकल्प ने भारत को दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने कई वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए हैं।

विकास प्रक्रिया में महिला भागीदारी सुनिश्चित करेगी सरकार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि सरकार सामाजिक विकास की योजनाओं को एकीकृत कर रही है और विकास प्रक्रिया में विशेषकर महिलाओं को भागीदार बनाने पर जोर दे रही है। मुर्मु ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए गुरुवार को कहा कि सरकार गरीबोन्मुखी काम कर रही है और उसके सामाजिक, आर्थिक विकास के साथ ही उनकी जीवन शैली में बदलाव लाने का काम कर रही है। गरीबों को निशुल्क राशन दी जा रही है और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ा रही है और ऊर्जा संरक्षण के लिए हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ रही है। सरकार आधुनिक मानदंड को बढा रही है ताकि भारत विकसित देशों के साथ प्रतिस्पर्धी बन सके। ढांचागत विकास के लिए सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। सरकार पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास कार्यो को तेजी से आगे बढाने का काम कर रही है। वहां ढांचागत विकास को बढाया जा रहा है और शांति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ड्रोन को बढावा दिया जा रहा है और ड्रोन पायलट के क्षेत्र में महिलाओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। महिलाएं विकास में बराबर की भागीदार बने और वे इस प्रक्रिया में हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएं इसके लिए महिलाओं को विशेष रूप से प्रोतसाहित किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार सबके विकास के लिए काम कर रही है। विकास की प्रक्रिया से कोई छूटे नहीं इस पर ध्यान दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि अब तक 25 करोड़ लोगों को सरकार गरीबी से बाहर निकाल चुकी है।

Exit mobile version