Site icon hindi.revoi.in

गुरु नानक जयंती और देव दीपावली पर राष्ट्रपति मुर्मु व पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

Social Share

नई दिल्ली, 5 नवम्बर। कार्तिक पूर्णिमा-देव दीपावली के अवसर पर देशभर में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से सिख भाइयों और बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह पावन पर्व हमें गुरु नानक देव जी के आदर्शों और मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

हम गुरु नानक देव जी आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने बधाई संदेश में कहा, ‘गुरु नानक देव जी का संदेश हमें सिखाता है कि सच्चाई, न्याय और करुणा पर आधारित जीवन ही वास्तविक सफलता है। उनकी शिक्षाएं एक ईश्वर, मानव समानता, ईमानदारी और आपसी सहयोग पर बल देती हैं। गुरु नानक देव जी की राह पर चलकर ही हम एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और सौहार्दपूर्ण समाज बना सकते हैं। इस अवसर पर हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें।’

गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहते हैं – पीएम मोदी

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में लिखा, ‘गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहते हैं। करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा पर आधारित उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रेरक हैं। प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करें कि उनका ब्रह्म प्रकाश हमेशा हमारी पृथ्वी को प्रकाशित करता रहे।’

पीएम मोदी ने इसके साथ ही देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘देश के अपने सभी परिवारजनों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की कोटि-कोटि शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ा यह दिव्य अवसर हर किसी के लिए सुख, शांति, आरोग्य और सौभाग्य लेकर आए। पावन स्नान, दान-पुण्य, आरती और पूजन से जुड़ी हमारी यह पवित्र परंपरा सबके जीवन को प्रकाशित करे।’

गुरु नानक देव जी का समानता, करुणा और सत्य का संदेश समस्त मानवता के लिए प्रेरणा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘गुरु नानक देव जी का सत्य, दया और निस्वार्थ सेवा का संदेश आज भी मानवता को शांति और एकता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।’ राजनाथ सिंह ने कामना की कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सभी को करुणा, भलाई और सद्भाव की राह पर चलने की शक्ति दें।’

राजनाथ सिंह ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘समस्त देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ। यह दिव्य पर्व आस्था, प्रकाश और पुण्य का अद्भुत संगम है, जो हमारी संस्कृति की गहराई और परंपरा की गरिमा को दर्शाता है। यह पावन अवसर हमारे जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता  लेकर आए, यही शुभकामना है।’

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए अपने संदेश में लिखा, ‘महान संत, सिख धर्म के संस्थापक व प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन एवं आप सभी को लख-लख बधाइयां। गुरु की कृपा और आशीर्वाद से हर हृदय में प्रेम, सेवा और सद्भाव की पवित्र ज्योत प्रज्वलित रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है।’

Exit mobile version