Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रपति मुर्मु व पीएम मोदी ने सुनीता विलियम्स व बुच विल्मोर की सुरक्षित वापसी पर जताई खुशी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 19 मार्च। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) से संबद्ध भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उऩके सहयात्री बुच विल्मोर की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सुरक्षित वापसी पर खुशी व्यक्त की है। इस बाबत राष्ट्रपति मुर्मु ने नासा के क्रू 9 मिशन की धरती पर सुरक्षित वापसी के लिए पूरी टीम को बधाई दी है।

क्रू 9 मिशन की धरती पर सुरक्षित वापसी के लिए पूरी टीम को बधाई

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”नासा के क्रू 9 मिशन की धरती पर सुरक्षित वापसी के लिए पूरी टीम को बधाई! भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है। उनकी ऐतिहासिक यात्रा दृढ़ संकल्प, टीम वर्क और असाधारण साहस की कहानी है। मैं उनके दृढ़ संकल्प को सलाम करती हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं!”

पीएम मोदी बोले – सुनीता विलियम्स, एक पथ प्रदर्शक और एक आइकन

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जताते हुए एक्स पर सुनीता विलियम्स के साथ की एक तस्वीर साझा कर लिखा – “आपका स्वागत है, क्रू-9! धरती ने आपको मिस किया। यह धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है। सुनीता विलियम्स और क्रू-9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का वास्तव में क्या मतलब है। विशाल अज्ञात के सामने उनका अटूट दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा।“

पीएम मोदी ने कहा, “अंतरिक्ष अन्वेषण का मतलब है मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखने का साहस करना और उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस रखना। सुनीता विलियम्स ने एक पथप्रदर्शक और एक आइकन के तौर पर अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण दिया है। हमें उन सभी पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है।”

इसके पूर्व भारतीय समयानुसार आज तड़के सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की फ्लोरिडा के तट पर  सफल लैंडिंग हुई। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेसएक्स क्रू-9 वापस धरती पर आ गया। नासा के ये दोनों अंतरिक्ष यात्री मात्र आठ दिनों के मिशन पर गए थे। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण दोनों नौ माह और 13 दिन तक अंतरिक्ष में फंसे रहे। इस संबंध में नासा ने अपनी वेबसाइट पर लिखा है -”घर में आपका स्वागत है! नासा का स्पेसएक्स क्रू-9 विज्ञान मिशन के बाद धरती पर वापस आ गया है।’

Exit mobile version