Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रपति मुर्मु व पीएम मोदी ने टीम इंडिया को टी20 विश्व कप जीतने पर दी बधाई

Social Share

नई दिल्ली, 8 मार्च। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम को ICC पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी और कहा कि इस सामूहिक जीत के लिए टीम का हर खिलाड़ी, पूरा प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ तारीफ का हकदार है।

‘यह हमारे युवाओं में विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद समृद्ध प्रतिभा का भी प्रमाण’

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारतीय टीम को तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाला एकमात्र देश बनने का गौरव प्राप्त हुआ और भारत लगातार दो खिताब जीतने वाली भी एकमात्र टीम है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा, ‘इससे हमारे क्रिकेट के प्रति जुनूनी देशवासियों को अपार खुशी और गर्व की अनुभूति हुई है। यह हमारे युवाओं में विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद समृद्ध प्रतिभा का भी प्रमाण है।’

द्रौपदी मुर्मु ने कहा, ‘टी20 विश्व कप जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास की कई ऊंचाइयां छुई हैं। टीम के हर खिलाड़ी, पूरे प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ को इस सामूहिक जीत के लिए प्रशंसा मिलनी चाहिए। मैं हमारी क्रिकेट टीम के भविष्य में भी निरंतर गौरव हासिल करने की कामना करती हूं।’

इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया

उधर पीएम मोदी ने भारतीय टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह शानदार जीत उनके असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क को दर्शाती है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने बेहतरीन जज्बा दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया।’

अमित शाह बोले – वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया को सलाम

गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘क्या जीत है…!! वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके शानदार प्रदर्शन और जोश से भरे खेल ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।

Exit mobile version