Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी सहित खेल जगत ने दी स्वप्निल कुसाले को बधाई

Social Share

नई दिल्ली, 1 अगस्त। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के खेल जगत ने पेरिस ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर निशानेबाज स्वप्निल कुसाले को बधाई दी है, जिन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में भारत को पहला ओलम्पिक पदक दिलाया। ओलम्पिक के मौजूदा संस्करण में भारत का यह तीसरा पदक है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, ‘स्वप्निल कुसाले को पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। वह पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में ओलम्पिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।’

निशानेबाजों ने भारत को गौरवान्वित किया है – द्रौपदी मुर्मू

उन्होंने लिखा, ‘भारत ने पहली बार एक ही ओलम्पिक में निशानेबाजी में तीन पदक जीते। निशानेबाजों ने भारत को गौरवान्वित किया है। मैं आगामी स्पर्धाओं के लिए उन्हें शुभकामना देती हूं। स्वप्निल कुसाले को भविष्य में और कामयाबी पाने के लिए शुभकामना।’

पीएम मोदी बोले – कुसाले की उपलब्धि से हर भारतीय खुशी से सराबोर

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने एमपी के 28 वर्षीय शूटर स्वप्निल कुसाले के प्रदर्शन को बेजोड़ करार दिया और कहा कि उनकी इस उपलब्धि से प्रत्येक भारतीय खुशी से सराबोर है।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘स्वप्निल कुसाले का बेजोड़ प्रदर्शन। पेरिस ओलम्पिक 2024 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई। उनका प्रदर्शन विशेष है क्योंकि उन्होंने शानदार जज्बा और कौशल दिखाया। वह इस वर्ग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनकी इस उपलब्धि से प्रत्येक भारतीय खुशी से सराबोर है।’

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, ‘स्वप्निल कुसाले को 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में ऐतिहासिक कांस्य जीतने पर बधाई। ओलम्पिक में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय। आपकी उपलब्धि ने हमें गौरवान्वित किया है।’

कुसाले का यह पदक स्वर्ण से भी बढ़कर है – गगन नारंग

ओलम्पिक पदक विजेता राइफल निशानेबाज और पेरिस ओलम्पिक में भारत के दल प्रमुख गगन नारंग ने कहा कि कुसाले का कांस्य स्वर्ण से भी बढ़कर है। नारंग ने कहा, ‘मैं हमेशा सोचता था कि भारतीय इस स्पर्धा में अच्छा क्यो नहीं कर पाते। स्वप्निल ने वह मिथक तोड़ दिया है। उसने हम सभी के लिए यह जीता है। वह अंडरडॉग रहा है, लेकिन मुझे यकीन था कि वह अच्छा करेगा। यह पदक स्वर्ण से भी बढकर है।’

भारत के पहले ओलम्पिक व्यक्तिगत स्वर्ण विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने कहा, ‘स्वप्निल का ऐतिहासिक कांस्य देखकर रोमांचित हूं। तुम्हारी मेहनत, दृढता और जुनून रंग लाया। शीर्ष स्तर पर खेलना और पदक जीतना तुम्हारी प्रतिबद्धता और प्रतिभा की बानगी है।’