Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 14 सितम्बर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने और भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए 17 से 19 सितम्बर 2022 के बीच लंदन का दौरा करेंगी। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गत गुरुवार, 8 सितम्बर को 96 वर्ष की उम्र में बाल्मोरल कैसल में निधन हो गया था। वह 70 वर्षों से ब्रिटेन में शासन कर रही थीं।

महारानी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया

इस बीच महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम को स्कॉटलैंड से लंदन लाया गया। उनके ताबूत को अंतिम रात बकिंघम पैलेस में रखा गया आज से चार दिनों के लिए वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है। सोमवार को उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। महारानी का ताबूत जब लंदन के लिए एडिनबरा हवाई अड्डे से भेजा गया, तब वहां राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।

 

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के ताबूत के साथ उनकी बेटी प्रिसेंस एनी भी थीं, जो रॉयल एयरफोर्स (आरएएफ) के विमान से एडिनबरा से लंदन साथ आई हैं। महारानी के ताबूत को जिस विमान से लाया गया है, उसका इस्तेमाल पूर्व में मानवीय सहायता में किया जाता रहा है। आरएएफ के पश्चिमी लंदन स्थित नार्थहॉल्ट हवाई ठिकाने पर विमान के उतरते ही महारानी के ताबूत को सड़क मार्ग से मध्य लंदन स्थित बकिंघम पैलेस के लिए ले जाया गया।

महाराजा चार्ल्स तृतीय, जो मंगलवार को उत्तरी आयरलैंड की यात्रा पर थे, ताबूत की आगवानी करने के लिए पहले ही अपनी पत्नी कैमिला के साथ शाही आवास पर पहुंच चुके थे। ताबूत लंदन पहुंचने और बकिंघम पैलेस भेजे जाने से पहले आरएएफ की तरफ से सलामी गारद दी गई।

Exit mobile version