Site icon Revoi.in

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम पहला संबोधन आज

Social Share

नई दिल्ली, 14 अगस्त। 76वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम राजधानी दिल्ली से पूरे देश को संबोधित करेंगी। पिछले ही माह निर्वाचित राष्ट्रपति मुर्मू का देश के नाम यह पहला संबोधन होगा।

दूरदर्शन के भी चैनल सजीव प्रसारण करेंगे, आकाशवाणी पर भी प्रसारण होगा

राष्ट्र के नाम मुर्मू के संबोधन का शाम सात बजे से दूरदर्शन के सभी चैनलों पर सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा  आकाशवाणी (AIR) के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर पहले हिन्दी में और फि‍र उसके बाद अंग्रेजी भाषा में भी उनका संबोधन प्रसारित किया  जाएगा।

दूरदर्शन पर हिन्दी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी के संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्कों पर रात साढ़े नौ बजे बजे क्षेत्रीय भाषाओं में राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का संबोधन सुनने के लिए देशवासी भी उतावले हैं क्योंकि वे पहली बार उनका संबोधन सुन रहे होंगे, इस बात को लेकर जिज्ञासा है कि राष्ट्रपति किन विषयों को संबोधन में शामिल करेंगी।

गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू पिछले महीने 25 जुलाई को भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनी थीं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली मुर्मू सबसे कम उम्र की महिला हैं और आदिवासी समाज से आने वाली भी वह पहली हैं। द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी राष्ट्रपति हैं, जिनका जन्म देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद हुआ था।

देशवासियों को इंतजार, क्या बोलेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट के जरिये प्रतिक्रियाएं आती रहती हैं। अभी रक्षाबंधन के पर्व पर उन्होंने देशवासियों को बधाई दी थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, ”भाई-बहन के बीच अटूट बंधन, स्नेह और विश्वास के प्रतीक, रक्षा बंधन के उल्लासपूर्ण अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मेरी कामना है कि यह पर्व, हमारे समाज में मेल-जोल व सौहार्द को प्रोत्‍साहित करे और महिलाओं के प्रति सम्‍मान में वृद्धि करे।”