Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति बाइडेन ने भारत को दीं शुभकामनाएं, कहा – भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका को बनाया मजबूत

Social Share

वॉशिंगटन, 15 अगस्त। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत को आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाओं के साथ बधाई दी और कहा कि अमेरिका और भारत ‘अनिवार्य साझेदार’ थे, जो आने वाले वर्षों में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में अमेरिका उसके लोगों के साथ

राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, ‘करीब 40 लाख गौरवान्वित भारतीय-अमेरिकियों समेत दुनियाभर के लोगों द्वारा 15 अगस्त पर भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के साथ ही अमेरिका महात्मा गांधी के सच और अहिंसा के चिरस्थायी संदेश द्वारा निर्देशित भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में उसके लोगों के साथ है।’

भारत और अमेरिका के साझा हितों की आवश्यकता पर जोर

बाइडेन ने बयान के माध्यम से भारत और अमेरिका के साझा हितों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ‘इस वर्ष हम अपने महान लोकतंत्रों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। भारत और अमेरिका अपरिहार्य भागीदार हैं और अमेरिका-भारत सामरिक साझेदारी कानून के शासन और मानव स्वतंत्रता और गरिमा को बढ़ावा देने के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय और देश को मजबूत बनाने में उनके योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘हमारे लोगों के बीच गहरे बंधनों से हमारी साझेदारी और मजबूत हुई है। अमेरिका में जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने हमें एक अधिक नया, समावेशी और मजबूत राष्ट्र बना दिया है। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हमारे दोनों लोकतंत्र नियम-आधारित व्यवस्था की रक्षा के लिए एक साथ खड़े रहेंगे, हमारे लोगों के लिए अधिक शांति, समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा देना, एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक को आगे बढ़ाना और साथ मिलकर दुनियाभर में हमारे सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करेंगे।’

अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने भारतवासियों को दी बधाई

अमेरिका के विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन ने भी एक अलग बयान में भारत के लोगों को आजादी की 75वीं वर्षगांठ की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘यह वर्ष हमारे दोनों देशों के लिए खासतौर से सार्थक है क्योंकि हम एक अहम उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं : कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष। हमारी सामरिक साझेदारी जलवायु से लेकर व्यापार और हमारे लोगों के बीच परस्पर जीवंत संबंधों तक हर क्षेत्र से जुड़ी है। स्वतंत्रता दिवस मुबारक हो, भारत।’