Site icon Revoi.in

नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 125वीं जयंती पर राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

Social Share

नई दिल्ली, 23 जनवरी। राष्ट्र आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

नेताजी के आदर्श और बलिदान हर भारतीय को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे : राष्ट्रपति कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर राष्ट्रपति भवन में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पूर्व उन्होंने ट्वीट किया, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर भारत कृतज्ञतापूर्वक श्रद्धांजलि देता है। स्वतंत्र भारत के विचार के प्रति अपनी उग्र प्रतिबद्धता दिखाने के लिए उन्होंने – आजाद हिंद के गठन जैसे साहसी कदम उठाए। ये उन्हें राष्ट्रीय प्रतीक बनाते हैं। उनके आदर्श और बलिदान हर भारतीय को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।’

पीएम मोदी बोले – राष्ट्र के प्रति नेताजी के योगदान पर हर भारतीय को गर्व है

पीएम मोदी ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक ट्वीट में लिखा, ‘सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर हर भारतीय को गर्व है।’

अमित शाह ने अमर सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। उन्होंने अपने असाधारण देशप्रेम, अदम्य साहस व तेजस्वी वाणी से युवाओं को संगठित कर विदेशी शासन की नींव हिला दी। मातृभूमि के लिए उनका अद्वितीय त्याग, तप व संघर्ष सदैव देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।

6कांग्रेस नेता राहुल ने ट्वीट किया, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर देश उन्हें व उनके जोशीले शब्दों को याद करता है। विनम्र श्रद्धांजलि।’