Site icon Revoi.in

झारखंड में सियासी बवाल : ‘भाभी जी की ताजपोशी की तैयारी’, सीएम हेमंत सोरेन की छुट्टी तय!

Social Share

रांची, 20 अगस्त। बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद अब झारखंड में भी मुख्यमंत्री बदलने की सुगबुगाहट होने लगी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पद छोड़ना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए हो रहा है कि चुनाव आयोग में उनके खिलाफ लंबित खनन लीज आवंटन मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है और कभी भी फैसला सुनाया जा सकता है। निर्वाचन आयोग ने अगर हेमंत सोरेन को दोषी करार दिया तो यह तय है कि उनकी कुर्सी जा सकती है क्योंकि तब वह अयोग्य घोषित हो जाएंगे।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के ट्वीट से चर्चाओं का बाजार गरम

वहीं इन सियासी कयासों के बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ऐसी बात कह दी है, जिससे चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है। निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट में लिखा – ‘झारखंड में भाभी जी की ताजपोशी की तैयारी, परिवारवादी पार्टी का बेहतरीन नुस्खा गरीब के लिए।’निशिकांत दुबे का इशारा स्पष्ट रूप से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की ओर था।

निशिकांत दुबे ने इससे पहले 19 अगस्त को भी अपने एक ट्वीट में लिखा था – ‘झारखंड मुक्ति मोर्चा औरो कांग्रेस दिल्ली-रांची क्यों दौड़ रहा है रे भाई। हम बोले बरहेट, दुमका विधानसभा में उपचुनाव होगा तो हमको कांके भेज रहे थे? अब तो विधानसभा अध्यक्ष को कनाडा जाने से रोक दिए? इस्तीफे विकल्प है, दैइए दीजिए।’

वहीं, दूसरी ओर इस सियासी बवाल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने विधायकों को एकजुट करना शुरू कर दिया है। हालांकि पार्टी के कुछ नेताओं ने यह भी दावा किया है कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं और बैठक किसी और मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। फिलहाल तो कयासों का बाजार गर्म है और अटकलें ही लगाई जा रही है। निर्वाचन आयोग के फैसले के बाद ही यह तय होगा कि प्रदेश की राजनीति में आगे क्या होता है।