नई दिल्ली, 12 मार्च। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY) शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को विज्ञान भवन में योग महोत्सव-2026 का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए 100 दिन शेष रहने की शुरुआत का प्रतीक होगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न नौ बजे से आयोजित किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय ने की ‘100 दिन शेष’ अभियान की शुरुआत
आयुष मंत्रालय ने अपने विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर ‘100 दिन शेष’ अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत देशभर में 100 संगठन, 100 अलग-अलग स्थानों और शहरों में योग के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
UNGA ने 2014 में 21 जून को घोषित किया था अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
प्रतापराव जाधव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। योग की वैश्विक स्वीकार्यता भारत के लिए गर्व का विषय है क्योंकि यह देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आयुष मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए नोडल मंत्रालय है। हर वर्ष इस दिवस का मुख्य कार्यक्रम सामूहिक योग प्रदर्शन होता है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री करते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियां पहले से शुरू हो चुकी हैं।
देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना
मंत्रालय के अनुसार योग दिवस से पहले के 100 दिनों को जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान देशभर के लोगों को योग को समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के मार्ग के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। आगामी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसके साथ ही योग दिवस-2026 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

