Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली नगर निगम : प्रवेश वाही दिल्ली के महापौर निर्वाचित, मोनिका पंत बनीं डिप्टी मेयर

Social Share

नई दिल्ली, 29 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रवेश वाही दिल्ली नगर निगम (MCD) के महापौर निर्वाचित गए हैं जबकि मोनिका पंत डिप्टी मेयर चुनी गईं। पीठासीन अधिकारी राजा इकबाल सिंह ने बुधवार को यह घोषणा की।

आम आदमी पार्टी ने नहीं लड़ा चुनाव, भाजपा को 156 वोट

दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव न लड़ने के कारण भाजपा को नगर निगम में स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। रोहिणी पूर्व से भाजपा के पार्षद प्रवेश वाही को कुल 156 वोट मिले, जिनमें इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 14 पार्षदों के वोट भी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार हाजी जरफ को नौ वोट हासिल हुए। महापौर चुनाव के निर्वाचक मंडल में पार्षदों, विधायकों और सांसदों सहित 273 सदस्य हैं।

भाजपा व आरएसएस में वाही का लंबा संगठनात्मक अनुभव

प्रवेश वाही वर्तमान में दिल्ली नगर निगम में सदन के नेता के रूप में कार्यरत हैं और भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में उनका लंबा संगठनात्मक अनुभव है। वाही का परिवार रावलपिंडी से पलायन कर आया था और वह खत्री पंजाबी समुदाय से संबंध रखते हैं। उन्होंने पुरानी दिल्ली के एक एमसीडी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की और किशोरावस्था से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं।

वाही बोले – ‘हम दिल्ली के लोगों के अच्छी सुविधाएं प्रदान करेंगे’

नव निर्वाचित मेयर वाही ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य दिल्ली के लोगों को अच्छी सुविधाएं प्रदान करना है… हम पिछली सरकारों की विरासत से मिले कचरे के ढेर को साफ करने और स्वच्छ दिल्ली सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे।’

नगर निगम में पारदर्शिता से काम हो, यही हमारा लक्ष्य – वीरेंद्र सचदेवा

इस बीच दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘उन्हें(AAP) मालूम था कि उनका हश्र क्या होना है। मुझे खुशी है कि हमारे सभी साथी विजयी हुए है… नगर निगम में जब भी भाजपा सरकार बनी है, हमने बहुत पारदर्शिता से नगर निगम को सुदृढ़ करने का काम किया है। आम आदमी पार्टी के समय में हमेशा पैसे का संकट रहता था, अभी ऐसी स्थिति नहीं है। हमारा यही लक्ष्य है कि नगर निगम में पारदर्शिता से काम हो, लोगों को सुविधाएं मिलें और जो भ्रष्टाचार की शिकायतें आती हैं उसपर सख्ती से काम करने की आवश्यकता है।’

Exit mobile version