Site icon Revoi.in

मैनपुरी में बहू डिंपल की जीत के दिन प्रसपा का सपा में विलय, फिर सपा में शामिल हुए शिवपाल सिंह यादव

Social Share

सैफई, 8 दिसम्बर। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में बहू डिंपल यादव की बंपर जीत से उत्साहित समाजवादी परिवार फिर से एक हो गया। भतीजे अखिलेश और चाचा शिवपाल ने अपने सारे गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे की तरफ कदम बढ़ाए और सैफई के एसएस मेमोरियल स्कूल में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) का सपा में विलय करा दिया।

अखिलेश यादव ने इस दौरान चाचा शिवपाल यादव को सपा का चुनाव चिह्न भेंट किया। प्रसपा और सपा का विलय होते ही दोनों पार्टी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पिता के सपा में शामिल होने के बाद शिवपाल के बेटे आदित्य यादव और भतीजे अभिषेक यादव ने अपने वाहन से प्रसपा का झंडा निकालकर सपा का झंडा लगा दिया। सपा और शिवपाल ने अपने-अपने हैंडल से सपा में प्रसपा के विलय की तस्वीर भी ट्वीट की।

2018 में शिवपाल ने बनाई थी अपनी पार्टी

सितम्बर, 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कैबिनेट मंत्री रहे शिवपाल सिंह यादव के बीच पार्टी और सरकार में वर्चस्व की जंग शुरू हो गई थी। एक जनवरी, 2017 को अखिलेश को सपा का अध्यक्ष बना दिया गया था। उसके बाद शिवपाल पार्टी में दरकिनार कर दिए गए थे।

सपा में ‘सम्मान’ न मिलने का आरोप लगाते हुए शिवपाल ने अगस्त, 2018 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठन कर लिया था। शिवपाल ने वर्ष 2019 में फिरोजाबाद लोकसभा सीट का चुनाव सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के खिलाफ लड़ा था। हालांकि वह जीत नहीं सके थे, लेकिन उन्हें 90 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, जिसे सपा प्रत्याशी की हार की बड़ी वजह माना गया था।

मुलायम सिंह के निधन के बाद शिवपाल व अखिलेश की निकटता फिर बढ़ी थी

शिवपाल ने इस वर्ष की शुरुआत में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जसवंतनगर सीट से सपा के ही टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। लेकिन उसके बाद अखिलेश से फिर से उनका मनमुटाव शुरू हो गया था। हालांकि, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में शिवपाल ने गिले-शिकवे भुलाकर अखिलेश की पत्नी और सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के पक्ष में जबरदस्त प्रचार किया। इसका नतीजा यह हुआ कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में आने वाले शिवपाल के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में डिंपल को एक लाख से ज्यादा मतों से बढ़त हासिल हो गई।

बहू को जिताने में कामयाब हुए चाचा शिवपाल

मैनपुरी से सपा उम्‍मीदवार डिंपल यादव को सपा मुखिया अखिलेश यादव के करहल विधानसभा क्षेत्र से ज्‍यादा वोट शिवपाल सिंह यादव के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से मिले। जाहिर है, इस चुनाव में चाचा शिवपाल अपना दम दिखाने में कामयाब रहे हैं और गुरुवार को अगर मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के हौसले बुलंद दिख रहे हैं तो इसके पीछे उनका बहुत बड़ा योगदान है। पूरे चुनाव अभियान के दौरान सबसे ज्‍यादा फोकस में शिवपाल ही रहे और मैनपुरी से सबसे ज्‍यादा सुर्खियां भी उन्‍होंने ही बटोंरी।