Site icon Revoi.in

प्रशांत किशोर का हमला – राजद ने बिहार के मुसलमानों को बंधुआ मजदूर बना लिया है

Social Share

पटना, 4 नवम्बर। राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार की ‘महागठबंधन’ सरकार में शामिल सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते आरोप लगाया कि वह प्रदेश के मुसलमानों के साथ ‘बंधुआ मजदूर’ जैसा व्यवहार करती है।

प्रशांत किशोर ने अपनी जनसुराज पदयात्रा के दौरान पश्चिम चंपारण जिले के पुपरहिया गांव में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजद पर अल्पसंखकों के तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा, ‘आपको इन लोगों ने बंधुआ मजदुर बना लिया है। आप अपने बच्चों के भविष्य की चिंता किए बगैर एक ही पार्टी के लिए वोट कर रहे हैं। सब कुछ गवां कर भी आप उनको वोट कर रहे हैं, आपको क्या मिला।’

उन्होंने कहा, ‘महागठबंधन अभी बना है, जब नीतीश कुमार भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के साथ थे तो भाजपा के दो उप मुख्यमंत्री थे, विधायक 75 थे। राजद के पास 77 विधायक हैं, फिर भी दूसरा उप मुख्यमंत्री नहीं बना।’

राजद के दो ही पैर हैं – एम (मुस्लिम) और वाई (यादव)

प्रशांत किशोर ने एमवाई फैक्टर पर कहा, ‘राजद के दो ही पैर हैं – एम (मुस्लिम) और वाई (यादव)। दूसरा उप मुख्यमंत्री बनेगा तो लोग कहेंगे कि ‘एम’ को बनाओ। उनको भी पता है आप कहां जाएंगे, भाजपा से लड़ाई है रो कर भी आपको उन्हें ही वोट देना पड़ेगा।’

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर अपने गृह राज्य की 3500 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर हैं। इस यात्रा के बाद उन्हें अपने जनसुराज अभियान के एक पूर्ण राजनीतिक दल के रूप में विकसित होने की उम्मीद है। हालांकि किशोर को राजद द्वारा भाजपा द्वारा ‘वित्त पोषित’ होने का आरोप लगाया जाता रहा है।

आईपैक कम्पनी के संस्थापक और चुनाव प्रचार प्रबंधक के रूप में ख्याति प्राप्त करने वाले किशोर ने कहा, “मैं पिछले कई वर्षों से भाजपा से लड़ रहा हूं और ये लोग मुझे भाजपा का ‘बी टीम’ बता रहे हैं।”

राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम ने किशोर के आरोपों को किया खारिज

फिलहाल प्रशांत किशोर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने जोर देकर कहा, ‘यदि संसद और राज्य विधानसभा के दोनों सदनों में किसी पार्टी द्वारा सबसे अधिक मुसलमानों को प्रतिनिधित्व दिया जाता है, तो राजद देश में नंबर एक है।’

समस्तीपुर से तीसरी बार विधायक रहे शाहीन ने कहा, ‘यह कहा जा सकता है कि मुसलमानों को उनकी आबादी के अनुरूप हिस्सा नहीं मिल रहा है, लेकिन यह सभी राज्यों और पार्टियों पर लागू होता है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड अन्य सभी की तुलना में बेहतर रहा है।’

एमवाई समूह की बात करना राजद से अन्य सभी वर्गों को दूर करने की शरारत

उन्होंने अपने दल पर एमवाई (मुस्लिम-यादव) की पार्टी होने के आरोपों पर भी आपत्ति जताते हुए पूछा, ‘क्या लालू जी या तेजस्वी जी ने कभी कहा है कि हम केवल यादवों और मुसलमानों की पार्टी हैं। क्या कोई पार्टी केवल दो सामाजिक समर्थन के साथ चुनाव में खड़ी होती है। एमवाई समूह की बात करना राजद से अन्य सभी वर्गों को दूर करने के लिए एक शरारत है।’ उन्होंने किशोर के आरोपों को खारिज करते हुए कटाक्ष करते हुए कहा, केवल मुस्लिम से ही दूसरा उप मुख्यमंत्री क्यों होना चाहिए, दलित क्यों नहीं।’