Site icon hindi.revoi.in

प्रशांत किशोर ने गठित की जन सुराज पार्टी, मनोज भारती बने कार्यकारी अध्यक्ष, मार्च में होगा नए अध्यक्ष का चुनाव

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

पटना, 2 अक्टूबर। जाने-माने चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को यहां अपने राजनीतिक दल ‘जन सुराज पार्टी’ के गठन की घोषणा कर दी। पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में उन्होंने पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष मनोज भारती के नाम की भी घोषणा कर दी और बताया कि अगले वर्ष मार्च में नए अध्यक्ष का चुनाव होगा।

उल्लेखनीय है कि जन सुराज अब तक एक अभियान रहा है, जिसे गांधी जयंती के अवसर पर राजनीतिक दल का स्वरूप दिया गया। प्रशांत किशोर इसके सूत्रधार हैं, लेकिन उन्होंने कोई पद नहीं लिया है। अब जनसुराज पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में दूसरे दलों को चुनौती दे सकती है।

पीके के नाम से लोकप्रिय प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में कहा, ‘पिछले 2-3 वर्षों से जन सुराज अभियान चल रहा है। लोग पूछ रहे थे कि दल कब बनेगा तो इसको लेकर आज हम सभी जुटे हैं। अब चुनाव आयोग द्वारा जन सुराज अभियान को पार्टी के रूप में स्वीकार कर लिया गया है।’

भारतीय विदेश सेवा के रिटायर्ड अधिकारी मनोज भारती

जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती भारतीय विदेश सेवा के रिटायर्ड अधिकारी हैं। वह मधुबनी के रहने वाले हैं और दलित जाति से आते हैं। हालांकि यह पहले से चर्चा थी कि प्रशांत किशोर किसी दलित को पार्टी का अध्यक्ष बना सकते हैं। जमुई से स्कूली शिक्षा और नेतरहाट के बाद मनोज आईआईटी से पढ़े हैं। आगे आईएफएस अधिकारी बने मनोज भारती कई देशों में राजदूत रह चुके हैं।

प्रशांत किशोर ने मनोज भारती के नाम का एलान करते हुए कहा कि जब उन्होंने कहा कि वो नेता नहीं बनेंगे तो लोगों ने कहा कि आपके जितना काबिल आदमी कैसे मिलेगा। प्रशांत ने कहा, ‘मनोज भारती हमसे ज्यादा काबिल हैं। प्रशांत किशोर आईआईटी नहीं गए, मनोज भारती गए हैं। प्रशांत किशोर आईएफएस नहीं बने, मनोज भारती आईएफएस रहे।’

पीके ने मीडिया से बातचीत में प्रमुख पार्टियों के प्रदेश अध्यक्षों का नाम लेकर कहा था कि जब उनके अध्यक्ष का नाम सामने आएगा तो सब चौंक जाएंगे। प्रशांत ने कहा था कि उनकी पार्टी के अध्यक्ष की बाकी अध्यक्षों से तुलना होगी तो सबको गर्व होगा।

Exit mobile version