Site icon Revoi.in

नॉर्वे शतरंज : प्रज्ञानानंद ने रचा इतिहास, विश्व नंबर दो कारूआना को हरा विश्व रैंकिंग के टॉप 10 में पहुंचे

Social Share

स्टावेंजर, 2 जून। किशोरवय भारतीय ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता में इतिहास रच दिया, जब उन्होंने पांचवें दौर में विश्व नंबर दो अमेरिकी दिग्गज फैबियानो कारूआना को मात दी और इसके साथ ही विश्व रैंकिंग के शीर्ष 10 में पहुंच गए।

वहीं अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने खराब फॉर्म में चल रहे विश्व चैम्पियन चीनी स्टार डिंग लिरेन को हराकर नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन पर अपनी बढ़त को एक अंक तक बढ़ा दी। अग्रणी नाकामुरा के अब 10 अंक हैं।

कार्लसन ने फिरोजा अलीरेजा को हराया

कार्लसन ने फ्रांस के फिरोजा अलीरेजा को हराया। टूर्नामेंट में पांच दौर की बाजियों के शेष रहते प्रज्ञानानंद 8.5 अंक लेकर विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन के बाद तीसरे नंबर पर हैं। अलीरेजा के 6.5 अंक हैं और वह चौथे स्थान पर हैं। कारूआना पांच अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं जबकि डिंग लिरेन की खराब फॉर्म जारी है। उनके केवल 2.5 अंक हैं।

स्टावेंजर के क्लेरियन होटल एनर्जी में चल रही प्रतियोगिता के पांचवें दौर की बाजी में प्रज्ञानानंद और कारूआना के बीच शुरू में मोहरों की अदला-बदली देखी गई। प्रज्ञानानंद ने अमेरिकी खिलाड़ी को उलझाए रखा। कारूआना ने 66वीं चाल में गलती की, जिसका प्रज्ञानानंद ने पूरा फायदा उठाया और 11 चाल बाद जीत हासिल कर ली।

महिला वर्ग में आर वैशाली का स्वप्निल प्रदर्शन जारी

उधर महिला वर्ग में भारत की आर वैशाली ने अपना स्वप्निल प्रदर्शन जारी रखा और आर्मगेडन गेम में चीन की टिंगकी लेई को हराकर 10 अंक बटोर लिए हैं। वैशाली के बाद अन्ना मुजीचुक के नौ अंक हैं। उन्होंने पांचवें दौर में स्वीडन की पिया क्रैमलिंग को हराया।

महिला विश्व चैम्पियन वेनजुन जू ने हम्पी को शिकस्त दी

हालांकि भारत की एक अन्य खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को महिला विश्व चैंपियन वेनजुन जू के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। वेनजुन 7.5 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं। लेई छह अंक लेकर चौथे स्थान पर हैं। वह हम्पी से दो अंक आगे हैं। क्रैमलिंग के केवल तीन अंक हैं और वह तालिका में सबसे निचले स्थान पर हैं।