Site icon hindi.revoi.in

थॉमस कप : लक्ष्य, आयुष व सात्विक-चिराग के सहारे भारत सेमीफाइनल में, पूर्व चैम्पियनों ने चीनी ताइपे को दी शिकस्त

Social Share

होर्सेंस (डेनमार्क), 1 मई। देश के शीर्षस्थ एकल शटलर लक्ष्य सेन की शानदार वापसी के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम जोड़ी और फिर युवा आयुष शेट्टी के दमदार प्रदर्शन से पूर्व चैम्पियन भारत ने शुक्रवार को यहां चीनी ताइपे पर 3-0 की निर्णायक बढ़त हासिल की और थॉमस कप के सेमीफाइनल में प्रवेश के साथ पुरुषों की टीम बैडमिंटन चैम्पयनशिप में पदक पक्का कर लिया।

फाइनल में प्रवेश के लिए भारत की अब फ्रांस से टक्कर

भारत की फाइनल में प्रवेश के लिए अब फ्रांस से टक्कर होगी, जिसने शाम को खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल में जापान को 3-0 से परास्त किया। उधर लीग चरण में ग्रुप ए के अंतिम मैच में भारत को हराने वाले चीन ने दिन के अन्य क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 3-0 से शिकस्त दी। चीन की अब थाईलैंड या डेनमार्क से टक्कर होगी।

लक्ष्य की मैच अंक से असाधारण वापसी

फोरम होर्सेंस के कोर्ट नंबर दो पर सेमीफाइनल का पहला रबर खेलने उतरे विश्व नंबर 11 लक्ष्य ने दो मैच प्वॉइंट बचाते हुए असाधारण वापसी की और विश्व के छठे नंबर के शटलर चोउ टिएन चेन को हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। 24 वर्षीय लक्ष्य अधिकतर समय तक पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने गजब का जुझारूपन दिखाया तथा एक घंटा 28 मिनट तक खिंची मैराथन कश्मकश में 18-21, 22-20, 21-17 से जीत दर्ज की।

सात्विक-चिराग भी तीन गेमों के संघर्ष में जीते

वहीं सात्विक व चिराग की विश्व नंबर चार जोड़ी ने चियू सियांग चिएह व वांग ची-लिन को एक घंटा 15 मिनट में 23-21, 19-21, 21-12 से हराकर भारत की बढ़त दुगुनी कर दी। पहला गेम कड़े संघर्ष में जीतने के बाद भारतीय टीम दूसरा गेम गंवा बैठी। लेकिन निर्णायक गेम में चीनी ताइपे की विश्व नंबर 14 जोड़ी ज्यादा संघर्ष नहीं कर सकी।

आयुष शेट्टी ने विश्व नंबर 8 लिन चुन-यी को स्तब्ध किया

भारतीय टीम ने दूसरे एकल में विश्व नंबर 18 आयुष शेट्टी को उतारा और तेजी से उभर रहे इस युवा शटलर अपने शानदार प्रदर्शन से वाहवाही लूट ली। पिछले ही माह बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के फाइनल तक पहुंचे मेंगलुरु के 20 वर्षीय शेट्टी विश्व रैंकिंग में आठवें नंबर पर काबिज व मौजूदा ऑल इंग्लैंड ओपन चैम्पियन लिन चुन-यी को सिर्फ 48 मिनट में 21-16, 21-17 से स्तब्ध कर 3-0 की निर्णायक बढ़त के साथ भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

पूर्व कोच विमल कुमार बोले – यह यादगार प्रदर्शन

वर्ष 2022 में खिताब जीतने के अलावा 1952, 1955 और 1979 में भी कांस्य पदक जीत चुकी भारतीय टीम के पूर्व कोच विमल कुमार ने इस जीत पर कहा, ‘यह यादगार प्रदर्शन है। इससे भारतीय बैडमिंटन में बढ़ते आत्मविश्वास, तैयारी और ताकत का पता चलता है।’

Exit mobile version